उत्तराखंड में होमगार्ड भर्ती में AI से बने फर्जी सर्टिफिकेट पकड़े, 20 आवेदन निरस्त
Haridwar | Home Guard Recruitment | AI Fraud : उत्तराखंड में फर्जी प्रमाण पत्रों से जुड़े मामले लगातार सामने आ रहे हैं। अब हरिद्वार में होमगार्ड भर्ती के दौरान कथित फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है। यहां 20 अभ्यर्थियों के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट के प्रमाण पत्र जांच में संदिग्ध पाए गए। आरोप है कि इन दस्तावेजों को कंप्यूटर और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की मदद से तैयार किया गया था।
मामला सामने आने के बाद विभाग ने संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। अब जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
हरिद्वार जिले में जुलाई 2026 में होमगार्ड के 227 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू की गई थी। इन पदों के लिए करीब 11 हजार युवाओं ने आवेदन किया था। भर्ती के दौरान सभी अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन किया जा रहा था।
इसी प्रक्रिया में कुछ अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्रों को लेकर गड़बड़ी सामने आई। जांच में पता चला कि प्रमाण पत्रों का इस्तेमाल भर्ती में शैक्षिक योग्यता के आधार पर मिलने वाले अतिरिक्त अंक हासिल करने के लिए किया जा रहा था।
विभागीय जांच के दौरान 20 अभ्यर्थियों के प्रमाण पत्र संदिग्ध पाए गए। इनमें दसवीं और बारहवीं के शैक्षिक दस्तावेज भी शामिल थे। शुरुआती जांच में इन प्रमाण पत्रों को कूटरचित तरीके से तैयार किए जाने की बात सामने आई है।
विभाग ने कार्रवाई करते हुए संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए हैं। मामले की जांच जारी है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड होमगार्ड के मंडलीय कमांडेंट गौतम कुमार ने बताया कि भर्ती के लिए आए आवेदनों के दस्तावेजों का सत्यापन किया गया था। इस दौरान 20 अभ्यर्थियों के शैक्षिक प्रमाण पत्र संदिग्ध मिले। फिलहाल सभी संबंधित अभ्यर्थियों के आवेदन निरस्त कर दिए गए हैं। मामले की गहन जांच की जा रही है….और इसके बाद आगे की कार्रवाई होगी।