हल्द्वानी की इस सड़क पर बढ़ा ट्रैफिक, 7 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर से ज्यादा होगी चौड़ाई, 7 हजार पेड़ कटेंगे

0
gaulapar-chorgalia-highway-road

Haldwani Highway | Golaapar-Chorgalia Road | PWD Road Expansion : गौलापार से चोरगलिया होते हुए सितारगंज सीमा तक जाने वाली सड़क पर लगातार बढ़ रहे ट्रैफिक को देखते हुए लोक निर्माण विभाग ने सड़क चौड़ीकरण की तैयारी शुरू कर दी है। लोनिवि के ट्रैफिक सर्वे में सामने आया है कि इस मार्ग से रोजाना औसतन करीब 9 हजार वाहन गुजरते हैं।

यह सड़क आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के साथ-साथ ऊधमसिंह नगर, पीलीभीत और लखीमपुर खीरी क्षेत्र के लोगों के लिए भी महत्वपूर्ण है। इन क्षेत्रों से हल्द्वानी आने-जाने वाले बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग का इस्तेमाल करते हैं।

मौजूदा समय में सड़क की चौड़ाई करीब सात मीटर है। अब इसे 15 मीटर से अधिक चौड़ा करने की योजना पर काम शुरू किया गया है। सड़क चौड़ीकरण के लिए करीब सात हजार पेड़ों के कटान की जरूरत पड़ सकती है। इसके साथ ही वनभूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया भी पूरी करनी होगी।

वनभूमि से जुड़े मामलों के कारण इस परियोजना के लिए केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्रालय से स्वीकृति लेना भी जरूरी होगा। वहीं गौलापार-चोरगलिया से आगे सितारगंज से खटीमा तक के हिस्से को एनएचएआई आगे बढ़ाएगा।

लोनिवि के ट्रैफिक सर्वे में काठगोदाम से भीमताल जाने वाली सड़क को भी शामिल किया गया था। सर्वे के मुताबिक इस मार्ग पर रोजाना करीब 22 हजार वाहनों की आवाजाही हो रही है।

वर्तमान में इस सड़क की चौड़ाई करीब 5.50 मीटर है। भविष्य में इसे बढ़ाकर सात मीटर करने की योजना है। पर्यटन की दृष्टि से काठगोदाम-भीमताल मार्ग बेहद महत्वपूर्ण है….इसलिए बढ़ते यातायात को देखते हुए सड़क चौड़ीकरण पर जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed