हल्द्वानी नगर निगम ने शुरू की शुद्ध बताशे और खिलौनों की बिक्री, महापौर गजराज बिष्ट ने किया स्टालों का उद्घाटन
Haldwani Municipal Corporation | Local Products | GajrajSinghBisht : त्योहारों के बीच हल्द्वानी नगर निगम ने स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए नई पहल की है। नगर निगम परिसर में शुद्ध बताशे और खिलौनों की बिक्री के लिए स्टाल लगाए गए हैं। महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने इन स्टालों का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने खुद भी बताशे और खिलौने खरीदकर लोगों को इन उत्पादों के इस्तेमाल के लिए प्रोत्साहित किया।
नगर निगम की इस पहल का मकसद स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराना और आम लोगों को इनसे जोड़ना है। इसके साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी प्रयास किया जा रहा है।
स्टालों के उद्घाटन के दौरान महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि नगर निगम स्थानीय उत्पादों और जनहित से जुड़ी गतिविधियों को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहा है। ऐसे प्रयासों से स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकते हैं।
उन्होंने सनातनी समाज और आमजन से अपील की कि नगर निगम परिसर में लगाए गए शुद्ध बताशे और खिलौनों के स्टालों से अधिक से अधिक खरीदारी करें। इससे स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन मिलेगा और इनसे जुड़े लोगों को भी आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
महापौर ने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शहर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाना नहीं है…बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और स्वरोजगार की संभावनाओं को भी बढ़ावा देना है। उन्हें उम्मीद है कि इस पहल को जनता का सहयोग मिलेगा और स्थानीय उत्पादों को नई पहचान हासिल होगी।
उन्होंने कहा कि नगर निगम आगे भी जनहित और स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहित करने वाले ऐसे प्रयास जारी रखेगा।
इस मौके पर नगर आयुक्त परितोष वर्मा, पार्षदगण और नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
