दिनेश आर्य ने दाखिल किया राज्यसभा चुनाव का नामांकन, CM धामी समेत BJP के दिग्गज रहे साथ
Rajya Sabha Election | Dinesh Arya | Uttarakhand BJP : उत्तराखंड से राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा के उम्मीदवार दिनेश आर्य ने मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल कर दिया। उन्होंने देहरादून स्थित विधानसभा परिसर में नामांकन पत्र जमा किया। इस दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के कई विधायक और नेता मौजूद रहे।
नामांकन से पहले भाजपा विधायक दल की बैठक भी हुई। इसके बाद दिनेश आर्य पार्टी नेताओं और विधायकों के साथ विधानसभा पहुंचे और राज्यसभा चुनाव के लिए अपना पर्चा दाखिल किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने दिनेश आर्य के निर्विरोध निर्वाचित होने की उम्मीद जताई है। उन्होंने कहा कि आर्य के नाम से पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रदेश के विभिन्न वर्गों में उत्साह है।
16 अक्टूबर को होगा मतदान
चुनाव आयोग के कार्यक्रम के मुताबिक नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 6 अक्टूबर है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी…जबकि उम्मीदवार 9 अक्टूबर तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना होगी।
नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर को होगा पूरा
उत्तराखंड की यह राज्यसभा सीट मौजूदा सांसद नरेश बंसल का कार्यकाल पूरा होने के कारण खाली हो रही है। नरेश बंसल का कार्यकाल 25 नवंबर 2026 को समाप्त होगा। इसी वजह से इस सीट पर चुनाव कराया जा रहा है।
राज्यसभा का कार्यकाल छह साल का होता है। यह स्थायी सदन है और भंग नहीं होता। हर दो साल में करीब एक-तिहाई सदस्य सेवानिवृत्त होते हैं और उनकी जगह नए सदस्यों का चुनाव होता है।