हरिद्वार में कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्ताव पास, जानिए किन फैसलों पर लगी मुहर

0
DhamiCabinet

Uttarakhand Cabinet | Agniveer Reservation | Haridwar Development : हरिद्वार में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में 13 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। बैठक में अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त छूट देने, हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए जमीन उपलब्ध कराने और प्राच्य शोध संस्थान की स्थापना समेत कई अहम फैसले लिए गए। इसके अलावा बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को भी मंजूरी दी गई।

कैबिनेट बैठक के बाद सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने मीडिया को फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि बैठक में रखे गए सभी 13 प्रस्तावों को मंजूरी मिल गई है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हरिद्वार में कैबिनेट बैठक आयोजित करने का उद्देश्य जनता से जुड़े फैसले जनता के बीच जाकर लेना है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि विकास से जुड़े मुद्दों पर लोगों के बीच रहकर काम किया जाए।

अग्निवीरों को भर्ती में मिलेगी अतिरिक्त छूट

कैबिनेट ने अग्निवीरों को सरकारी नौकरियों में अतिरिक्त राहत देने के प्रस्ताव को मंजूरी दी है। समूह-ग के वर्दीधारी पदों पर भर्ती में अग्निवीरों को पहले से 10 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण दिया जा रहा है। अब उन्हें लिखित परीक्षा, शारीरिक परीक्षा और निर्धारित न्यूनतम ऊंचाई में भी छूट मिलेगी।

हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन

बैठक में हरिद्वार में ईएसआई अस्पताल के लिए 10 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। इससे अस्पताल से जुड़ी आगे की प्रक्रिया का रास्ता साफ होगा।

ऋषिकुल मैदान में बनेगा प्राच्य शोध संस्थान

हरिद्वार के ऋषिकुल मैदान में मदन मोहन मालवीय प्राच्य शोध संस्थान स्थापित किया जाएगा। इसे सोसायटी मोड में संचालित करने का फैसला लिया गया है। संस्थान में भारतीय योग, ध्यान, ज्योतिष और भारतीय संस्कृति से जुड़ी गतिविधियां संचालित की जाएंगी। इसके लिए समिति गठित करने को कैबिनेट ने मंजूरी दी है।

बाढ़ मैदान नियमावली को मंजूरी

कैबिनेट ने बाढ़ मैदान परिक्षेत्रण नियमावली को भी हरी झंडी दे दी। इसके साथ ही भगवानपुर में सरकारी आवासीय योजना के तहत सड़कों से जुड़े मानकों में कमी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।

प्रधानमंत्री मोदी के 25 साल के सार्वजनिक जीवन पर जताया आभार

बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 वर्ष पूरे होने पर उनके योगदान की सराहना की गई। मुख्यमंत्री और मंत्रिमंडल ने देश और प्रदेश के विकास में उनके योगदान के लिए आभार जताया।

कैबिनेट बैठक से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मंत्रिमंडल के सदस्यों ने मां गंगा की पूजा-अर्चना की और आरती में हिस्सा लिया। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की गई। मुख्यमंत्री ने देश की प्रगति, समृद्धि और जनकल्याण के लिए भी मां गंगा से प्रार्थना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *