जरूरी सूचना: देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस अब प्रतिदिन काठगोदाम तक चलेगी
Dehradun Express | Kathgodam | Railway Update : रेल यात्रियों के लिए राहत की खबर है। पूर्वोत्तर रेलवे ने परिचालन संबंधी कारणों से देहरादून-काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस के संचालन में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। अब ट्रेन संख्या 14120/14119 देहरादून-काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस को हल्द्वानी के बजाय काठगोदाम स्टेशन तक चलाया जाएगा। इससे हल्द्वानी और काठगोदाम के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को काफी सुविधा मिलेगी।
रेल प्रशासन के अनुसार, ट्रेन संख्या 14120 देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस वर्तमान में सप्ताह में तीन दिन सोमवार, मंगलवार और बृहस्पतिवार को हल्द्वानी स्टेशन पर शॉर्ट टर्मिनेट की जा रही थी। इसी तरह ट्रेन संख्या 14119 काठगोदाम-देहरादून एक्सप्रेस का संचालन भी हल्द्वानी से शॉर्ट ओरिजिनेट किया जा रहा था।
अब रेलवे ने दोनों ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य काठगोदाम स्टेशन तक चलाने का निर्णय लिया है। इसके तहत 15 सितंबर 2026 से देहरादून से चलने वाली ट्रेन संख्या 14120 प्रतिदिन काठगोदाम तक जाएगी। वहीं, 16 सितंबर 2026 से ट्रेन संख्या 14119 प्रतिदिन काठगोदाम से देहरादून के लिए रवाना होगी।
रेलवे के इस निर्णय से काठगोदाम आने-जाने वाले यात्रियों को हल्द्वानी में ट्रेन बदलने या अतिरिक्त साधन लेने की परेशानी से राहत मिलेगी।