कॉर्बेट पार्क घूमने जा रहे हैं तो पहले पढ़ लें ये खबर, बारिश के चलते सफारी बंद, रिफंड का भी प्रावधान नहीं

0
Screenshot-2024-05-26-131131

Ramnagar | CorbettPark | JungleSafari : रामनगर में शनिवार रात से हो रही बारिश का असर जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क की जंगल सफारी पर भी पड़ा। तेज बारिश के चलते रविवार सुबह पर्यटकों को जंगल सफारी का मौका नहीं मिल सका। झिरना, ढेला और गिरिजा पर्यटन जोन में सुबह की पाली की सफारी रोक दी गई।

मानसून के कारण कॉर्बेट पार्क के ढिकाला और बिजरानी पर्यटन जोन पहले से ही बंद हैं। फिलहाल झिरना, ढेला और गिरिजा जोन ही पर्यटकों के लिए खुले हैं। इन जोन में सफारी के लिए ऑनलाइन एडवांस बुकिंग की व्यवस्था है।

शनिवार रात से लगातार बारिश के बाद पार्क अधिकारियों ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए रविवार सुबह तीनों खुले पर्यटन जोन में सफारी बंद रखने का फैसला लिया। बारिश के कारण जंगल के कच्चे रास्तों के खराब होने और नदी-नालों में पानी बढ़ने का खतरा रहता है।

पार्क वार्डन बिंदर पाल ने कहा कि बारिश को देखते हुए सुबह की पाली में झिरना, ढेला और गिरिजा जोन में सफारी नहीं कराई गई। दोपहर की पाली में सफारी शुरू होगी या नहीं यह उस समय मौसम और बारिश की स्थिति पर निर्भर करेगा।

वहीं जिन पर्यटकों की सफारी बारिश के कारण रद्द होती है…उनके परमिट शुल्क की वापसी को लेकर शासन की ओर से कोई आदेश नहीं है। सफारी की ऑनलाइन बुकिंग के दौरान विभाग की वेबसाइट पर सफारी रद्द होने की स्थिति में राशि वापसी से जुड़ी जानकारी पहले से दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed