सीएम धामी पहुंचे ग्राउंड जीरो, काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास पर लिया अपडेट

0
cm-dhami-inspects-kathgodam

Haldwani News | CM Dhami | Kathgodam-Amritpur Bypass : हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में यातायात को बेहतर बनाने के लिए प्रस्तावित काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से बाईपास के रूट, निर्माण योजना और काम पूरा होने की समयसीमा की जानकारी ली।

प्रस्तावित बाईपास करीब 3.50 किलोमीटर लंबा होगा। इसके निर्माण पर लगभग 25 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। परियोजना में एक पुल का निर्माण भी शामिल है।

निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त एवं मुख्यमंत्री के सचिव दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को परियोजना की जानकारी दी। सीएम धामी ने बाईपास से जुड़ने वाले गांवों और आसपास के क्षेत्रों को मिलने वाली कनेक्टिविटी के बारे में भी जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से निर्माण कार्य की समयसीमा पर चर्चा करते हुए परियोजना से जुड़ी व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

काठगोदाम से अमृतपुर तक प्रस्तावित बाईपास बनने से क्षेत्र में यातायात का दबाव कम करने और लोगों के आवागमन को सुविधाजनक बनाने में मदद मिलने की उम्मीद है। इससे आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी भी बेहतर हो सकती है।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *