बागेश्वर में महिला को सोशल मीडिया पर बदनाम करने का आरोप, एक नामजद समेत तीन पर केस

FIR

Bageshwar | SocialMedia | PoliceCase : बागेश्वर जिले के कपकोट थाना क्षेत्र में एक महिला की शिकायत पर सोशल मीडिया पर कथित रूप से आपत्तिजनक वीडियो और भ्रामक सामग्री प्रसारित करने के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। मामले में एक नामजद और दो अज्ञात लोगों के खिलाफ जांच शुरू कर दी गई है।

महिला का आरोप है कि पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर ऐसे वीडियो साझा किए जा रहे हैं…जिनमें उनके बारे में गलत और भ्रामक बातें कही गई हैं। शिकायत के अनुसार उनका नाम एक स्थानीय जनप्रतिनिधि से जोड़कर उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया गया…जिससे उनकी सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हुई है और उन्हें मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

महिला ने पुलिस को बताया कि इससे पहले भी संबंधित लोगों द्वारा सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ कथित रूप से भ्रामक वीडियो और पोस्ट साझा किए गए थे।

शिकायत मिलने के बाद कपकोट थाना पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धारा के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की जांच एक उपनिरीक्षक गोल्डी घुघतयाल को सौंपी है।

पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित वीडियो और अन्य डिजिटल सामग्री की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed