कांग्रेस में कौन किसके साथ? शैलजा के कार्यक्रम में दिखी गुटबाजी

0
UttarakhandCongress-2

Uttarakhand Congress : Kumari Selja : Mission 2027 : उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के भीतर चल रही खींचतान अब खुलकर सामने आने लगी है। चंपावत जिले के लोहाघाट में बुधवार को प्रदेश प्रभारी एवं सांसद कुमारी शैलजा के कार्यक्रम में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी देखने को मिली। यहां मंच पर बड़े नेताओं की मौजूदगी के बीच जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को उचित स्थान नहीं मिलने से नाराजगी बढ़ गई। मामला इतना बढ़ा कि मनोहर सिंह उर्फ मुन्ना ढेक ने खुद माइक संभाल लिया और वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को टिकट नहीं देने की मांग तक कर डाली।

इस पूरे घटनाक्रम ने कांग्रेस के मिशन 2027 की तैयारियों और संगठन के भीतर चल रही खींचतान पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

लोहाघाट के रामलीला मैदान में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश प्रभारी कुमारी शैलजा के साथ नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह और वरिष्ठ नेता रणजीत रावत समेत कई बड़े नेता मौजूद रहे।

लेकिन इस दौरान जिलाध्यक्ष चिराग फर्त्याल को मंच पर उचित स्थान नहीं मिलने और संबोधन का मौका नहीं दिए जाने को लेकर नाराजगी सामने आई। आरोप है कि वर्तमान विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के खेमे की राजनीति के चलते पार्टी के दूसरे नेताओं और संभावित दावेदारों को नजरअंदाज किया गया।

कार्यक्रम में विवाद उस समय और बढ़ गया…जब मनोहर सिंह उर्फ मुन्ना ढेक ने माइक संभाल लिया। उन्होंने खुले मंच से अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए कहा कि खुशाल सिंह अधिकारी के अलावा किसी को भी टिकट दे दिया जाए…लेकिन उन्हें टिकट नहीं मिलना चाहिए।

मुन्ना ढेक के इस बयान के बाद कार्यक्रम में मौजूद नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। प्रदेश प्रभारी के सामने ही टिकट को लेकर विरोध सामने आने से कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान सार्वजनिक हो गई।

कार्यक्रम खत्म होने के बाद भी माहौल शांत नहीं हुआ। आरोप है कि जब कुमारी शैलजा अपनी गाड़ी से रवाना होने लगीं….तब विधायक खुशाल सिंह अधिकारी महिलाओं के बीच से धक्का-मुक्की करते हुए उनकी गाड़ी तक पहुंचे और वाहन में बैठ गए।

इस दौरान महिला कार्यकर्ताओं ने विरोध जताया। हालांकि इन आरोपों को लेकर संबंधित पक्ष का जवाब सामने आना बाकी है।

कुमारी शैलजा के दौरे के दौरान मीडिया से बातचीत नहीं हो पाना भी चर्चा का विषय रहा। आरोप लगाए गए कि विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने प्रदेश प्रभारी को मीडिया से बात करने का अवसर नहीं दिया। ऐसे में जिले में संगठन की स्थिति और कार्यकर्ताओं की नाराजगी से जुड़े सवाल सामने नहीं आ सके।

लोहाघाट के इस कार्यक्रम में जिलाध्यक्ष की कथित उपेक्षा, मुन्ना ढेक का खुला विरोध और विधायक को लेकर उठे सवालों ने कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति को चर्चा में ला दिया है।

अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस अपने नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच चल रही इस खींचतान को कैसे खत्म करेगी? प्रदेश प्रभारी के सामने सामने आई यह तस्वीर पार्टी के लिए संगठनात्मक एकजुटता की बड़ी चुनौती बन सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *