उत्तराखंड चुनाव से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका! 38 से ज्यादा नेताओं ने थामा BJP का दामन

0
chaubattakhal-congress-leaders-join-bjp

Dehradun | BJP | Uttarakhand Politics: उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच राजनीतिक दलों ने अपनी ताकत बढ़ानी शुरू कर दी है। इसी कड़ी में भाजपा ने कांग्रेस को चौबट्टाखाल विधानसभा क्षेत्र में बड़ा झटका दिया है। कांग्रेस से जुड़े 38 से अधिक पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पार्टी छोड़कर भाजपा की सदस्यता ले ली।

सोमवार को देहरादून स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने सभी नए सदस्यों को पार्टी का पटका पहनाकर स्वागत किया। इस दौरान चौबट्टाखाल विधायक और कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज भी मौजूद रहे।

भाजपा में शामिल होने वालों में क्षेत्र पंचायत सदस्य रितिक नेगी और कुलदीप सजवाण के नाम प्रमुख हैं। रितिक नेगी युवा कांग्रेस बीरोंखाल के महामंत्री हैं…जबकि कुलदीप सजवाण युवा कांग्रेस के उपाध्यक्ष रह चुके हैं।

इसके अलावा राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय बेदीखाल के छात्रसंघ अध्यक्ष और युवा कांग्रेस सचिव शुभम रावत ने भी भाजपा का दामन थाम लिया। कांग्रेस के बूथ अध्यक्ष प्रदीप कुमार, युवा कांग्रेस कार्यकर्ता आशीष कुमार और यतीष कुमार भी अब भाजपा में शामिल हो गए हैं।

इनके साथ द्वारीखाल, सतपुली, बीरोंखाल, एकेश्वर और पोखड़ा क्षेत्र के पूर्व सैनिकों, सेवानिवृत्त अधिकारियों, कर्मचारियों और सामाजिक संगठनों से जुड़े लोगों ने भी भाजपा की सदस्यता ली।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हो रहे विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। चौबट्टाखाल में कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और छात्रसंघ पदाधिकारियों का भाजपा में आना संगठन के लिए महत्वपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि पार्टी का सदस्यता अभियान केवल देहरादून तक सीमित नहीं रहेगा। प्रदेश की सभी विधानसभा सीटों पर ऐसे कार्यक्रम आयोजित कर गांव और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत किया जाएगा।

कैबिनेट मंत्री और चौबट्टाखाल विधायक सतपाल महाराज ने भाजपा में शामिल हुए सभी लोगों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि 38 से अधिक लोगों के पार्टी से जुड़ने से क्षेत्र में संगठन को नई ताकत मिलेगी। नए सदस्य विकास कार्यों और जनता की सेवा में योगदान देंगे।

सतपाल महाराज ने क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए सतपुली झील का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा कि इससे पर्यटन और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिला है। उन्होंने सीसी झील का निर्माण कार्य भी जल्द शुरू कराने की बात कही।

मंत्री ने ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, सड़क और पेयजल योजनाओं को भी क्षेत्र के विकास के लिए अहम बताया। उनका कहना था कि रेल कनेक्टिविटी बढ़ने से पहाड़ के लोगों के साथ तीर्थयात्रियों को भी आने वाले समय में बड़ी सुविधा मिलेगी।

विधानसभा चुनाव से पहले चौबट्टाखाल में कांग्रेस के 38 से अधिक लोगों का भाजपा में शामिल होना सियासी तौर पर अहम माना जा रहा है। अब देखना होगा कि इस बदलाव का आगामी चुनाव में क्षेत्र की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *