उत्तराखंड के मौसम पर बड़ा अपडेट! 7 जिलों में बारिश-बर्फबारी, बिजली गिरने का भी अलर्ट

0
Uttarakhand-Weather-_-2

Uttarakhand Weather | Rain Alert | Snowfall : उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। प्रदेश के सात पर्वतीय जिलों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के बाद पहाड़ों में ठंड बढ़ने के आसार हैं…जबकि मैदानी इलाकों में भी बारिश हो सकती है।

मौसम निदेशक डॉ. सीएस तोमर के मुताबिक उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी और पिथौरागढ़ में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं, 3200 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो सकती है। प्रदेश के बाकी जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश और बर्फबारी के आसार हैं।

मौसम विभाग ने पांच पर्वतीय जिलों उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन जिलों में कहीं-कहीं बिजली चमकने के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं।

इधर प्रदेश में बादलों की आवाजाही और हल्की बूंदाबांदी से मौसम सुहाना बना हुआ है। देहरादून में शनिवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, पंतनगर में अधिकतम तापमान 27.4 और न्यूनतम तापमान 15.1 डिग्री सेल्सियस रहा।

पर्यटन नगरी मसूरी में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह से दोपहर तक खिली धूप के बाद करीब तीन बजे आसमान में काले बादल छा गए। कुछ ही देर में पूरे शहर में घना कोहरा फैल गया। तापमान में गिरावट के साथ ठंड भी बढ़ गई। दोपहर तक धूप का आनंद ले रहे लोगों को शाम होते-होते ठंड का सामना करना पड़ा।

मौसम में इस बदलाव के चलते पहाड़ी क्षेत्रों में ठंड बढ़ने के आसार हैं। ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने से तापमान में और गिरावट आ सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed