हल्द्वानी में पहली बार भजनों पर झूमेंगे युवा, 14 नवंबर को होगा ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का आयोजन

0
HALDWANI-YUVA-UTSAV

HALDWANI | YUVA UTSAV | BHAJAN CLUBBING : हल्द्वानी के युवाओं के लिए 14 नवंबर का दिन खास होने जा रहा है। शहर में पहली बार ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ का आयोजन किया जाएगा। एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले इस कार्यक्रम में पारंपरिक भजनों की गूंज आधुनिक संगीत के अंदाज में सुनाई देगी। आयोजन का उद्देश्य युवाओं को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और स्वामी विवेकानंद के विचारों से जोड़ना है।

कार्यक्रम की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर नगर निगम सभागार में महापौर गजराज सिंह बिष्ट और आयोजक संस्था SAM दिव्य ज्योति जागृति संस्थान की ओर से संयुक्त प्रेस वार्ता की गई। इसमें SAM की निदेशक साध्वी डॉ. शिवानी भारती और दिव्य ज्योति जागृति संस्थान के स्वामी उमेशानंद जी भी मौजूद रहे।

आयोजकों ने बताया कि इस आयोजन में भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत शैली के साथ प्रस्तुत किया जाएगा। इसके जरिए युवाओं को आध्यात्मिकता से जोड़ने के साथ भारतीय संस्कृति, परंपराओं और जीवन मूल्यों के प्रति जागरूक किया जाएगा। कार्यक्रम के माध्यम से युवाओं में सकारात्मक सोच, आत्मविश्वास, चरित्र निर्माण और देश के प्रति समर्पण की भावना विकसित करने का प्रयास किया जाएगा।

महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि युवा सिर्फ देश का भविष्य नहीं…बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। राष्ट्र को आगे बढ़ाने में युवाओं की भूमिका बेहद अहम है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में युवाओं का आधुनिकता के साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और आध्यात्मिक जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है।

उन्होंने स्वामी विवेकानंद के विचारों का जिक्र करते हुए कहा कि आत्मविश्वास, साहस, चरित्र निर्माण और राष्ट्रसेवा का उनका संदेश आज भी युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का काम करेंगे।

महापौर ने कहा कि विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को पूरा करने में युवा शक्ति की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। इसके लिए युवाओं का ऊर्जावान होने के साथ संस्कारवान, आत्मविश्वासी और राष्ट्र के प्रति समर्पित होना जरूरी है।

अंत में उन्होंने हल्द्वानी के युवाओं से 14 नवंबर को एमबी इंटर कॉलेज मैदान में होने वाले ‘युवा उत्सव भजन क्लबिंग’ में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के विचारों को अपनाकर युवा राष्ट्र निर्माण में सकारात्मक योगदान दे सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed