कपकोट की प्रेमा रावत का साउथ अफ्रीका दौरे के लिए चयन, BCCI ने किया टीम का ऐलान
Women’s Cricket | Smriti Mandhana | South Africa Tour | Prema Rawat : भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए दिसंबर का महीना बेहद खास रहने वाला है। टीम इंडिया साउथ अफ्रीका दौरे पर तीनों फॉर्मेट में अपनी ताकत दिखाएगी। इस दौरे के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने टेस्ट, वनडे और टी20 इंटरनेशनल टीम का ऐलान कर दिया है। खास बात यह है कि अनुभवी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को तीनों फॉर्मेट की कप्तानी सौंपी गई है।
भारतीय टीम इस दौरे पर एक टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेलेगी। स्मृति मंधाना के लिए यह दौरा भी खास होने वाला है…क्योंकि उनकी कप्तानी में भारतीय महिला टीम पहली बार टेस्ट मुकाबला खेलने उतरेगी।
टेस्ट और वनडे टीम में इन खिलाड़ियों को मिली जगह
BCCI की महिला चयन समिति ने टेस्ट और वनडे के लिए अलग-अलग टीमों का चयन किया है। दोनों टीमों में कप्तान स्मृति मंधाना के साथ शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स और हरलीन देओल को शामिल किया गया है।
विकेटकीपर की जिम्मेदारी ऋचा घोष और यास्तिका भाटिया संभालेंगी। वहीं दीप्ति शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। गेंदबाजी विभाग में स्नेह राणा, श्री चरणी, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता और सयाली सतघरे को मौका मिला है। वनडे टीम में वैष्णवी शर्मा भी जगह बनाने में सफल रही हैं।
टी20 टीम की उपकप्तान होंगी शेफाली वर्मा
टी20 इंटरनेशनल टीम की कमान भी स्मृति मंधाना के हाथों में रहेगी। वहीं शेफाली वर्मा को उपकप्तान बनाया गया है। इस टीम में युवा खिलाड़ियों को भी मौका दिया गया है। निकी प्रसाद, जी कमलिनी और अनुष्का शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।
इसके अलावा हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, ऋचा घोष, दीप्ति शर्मा और अमनजोत कौर भी टी20 टीम का हिस्सा हैं। गेंदबाजी में श्री चरणी, प्रेमा रावत, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और सयाली सतघरे को जिम्मेदारी दी गई है।
दिसंबर में खेले जाएंगे सात मुकाबले
भारतीय महिला टीम के साउथ अफ्रीका दौरे की शुरुआत 9 दिसंबर को टेस्ट मुकाबले से होगी। इसके बाद वनडे और टी20 सीरीज खेली जाएगी।
भारतीय महिला टीम के दौरे का पूरा कार्यक्रम
9 दिसंबर – पहला टेस्ट, ग्केबेर्हा
16 दिसंबर – पहला वनडे, पार्ल
19 दिसंबर – दूसरा वनडे, केपटाउन
22 दिसंबर – तीसरा वनडे, ब्लोमफोंटेन
26 दिसंबर – पहला टी20, बेनोनी
29 दिसंबर – दूसरा टी20, पोटचेफस्ट्रूम
30 दिसंबर – तीसरा टी20, पोटचेफस्ट्रूम
टेस्ट टीम
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), श्री चरणी, स्नेह राणा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता और सयाली सतघरे।
वनडे टीम
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा, प्रतीका रावल, हरमनप्रीत कौर, जेमिमा रोड्रिग्स, हरलीन देओल, ऋचा घोष (विकेटकीपर), यास्तिका भाटिया (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा (उपकप्तान), श्री चरणी, वैष्णवी शर्मा, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, जिंतिमणि कलिता और सयाली सतघरे।
टी20 इंटरनेशनल टीम
स्मृति मंधाना (कप्तान), शेफाली वर्मा (उपकप्तान), जेमिमा रोड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर, निकी प्रसाद, ऋचा घोष (विकेटकीपर), जी कमलिनी, अनुष्का शर्मा, दीप्ति शर्मा, श्री चरणी, प्रेमा रावत, अमनजोत कौर, क्रांति गौड़, नंदनी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, अरुंधति रेड्डी और सयाली सतघरे।
अब भारतीय टीम की नजर साउथ अफ्रीका में तीनों फॉर्मेट में दमदार प्रदर्शन करने पर होगी। खास तौर पर स्मृति मंधाना की कप्तानी और युवा खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर क्रिकेट प्रशंसकों की निगाहें रहेंगी।
