उत्तराखंड ने खोया एक और वीर सपूत, लेह में शहीद हुए लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा

0
PrabhakarThapa

Uttarakhand Army Officer | Indian Army | Dehradun News : उत्तराखंड ने देश की सेवा में अपना एक और वीर सपूत खो दिया। देहरादून के नागनाथ क्षेत्र निवासी लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा लेह में ड्यूटी के दौरान शहीद हो गए। 9 नवंबर को ड्यूटी के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया था। उन्होंने शाम करीब 7:15 बजे अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही परिवार और गोरखा समाज में शोक छा गया।

गुरुवार को देहरादून के टपकेश्वर में पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया गया। इस दौरान माहौल बेहद गमगीन रहा। पत्नी और नौ साल की बेटी अपने प्रियजन को अंतिम विदाई देते हुए बिलख पड़ीं। पत्नी ने जब पति के पार्थिव शरीर पर माला चढ़ाई तो वह खुद को संभाल नहीं सकीं और बेसुध हो गईं। वहीं पिता को अंतिम बार देखकर मासूम बेटी का दर्द भी वहां मौजूद लोगों को भावुक कर गया।

लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा भारतीय सेना की 5/3 गोरखा राइफल्स में तैनात थे। वर्तमान में वह लेह में स्पेशल फोर्स की यूनिफॉर्म यूनिट में एएजी के पद पर सेवाएं दे रहे थे। उनका जन्म वर्ष 1984 में हुआ था। उन्होंने देहरादून के प्रतिष्ठित कैम्ब्रियन हॉल स्कूल से पढ़ाई की थी और वर्ष 2002 बैच के छात्र रहे थे।

स्नातक की पढ़ाई पूरी करने के बाद उन्होंने कंबाइंड डिफेंस सर्विसेज (CDS) परीक्षा पास की। इसके बाद 9 दिसंबर 2006 को उन्हें भारतीय सेना में कमीशन मिला। करीब 20 साल के सैन्य करियर में उन्होंने कई दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्रों में देश की सेवा की।

प्रभाकर थापा को सेना में जाने की प्रेरणा अपने परिवार से मिली थी। उनके पिता निर्मल थापा भारतीय सेना में हवलदार के पद पर सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए थे। उनकी मां कमला थापा भी सेना से जुड़ी रही हैं।

लेफ्टिनेंट कर्नल प्रभाकर थापा अपने पीछे पत्नी और नौ साल की बेटी को छोड़ गए हैं। उनके निधन से देहरादून के नागनाथ क्षेत्र समेत पूरे उत्तराखंड में शोक की लहर है। देश की सेवा में समर्पित उनके करीब दो दशक के सैन्य जीवन को लोग श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *