पॉलीटेक्निक छात्रों की लगी लॉटरी! अब पढ़ाई के साथ सीखेंगे आधुनिक मशीनों और ऑटोमेशन का हुनर

0
PolytechnicStudents-AdvancedTraining

Polytechnic Education | Advanced Technology | Skill Development : उत्तराखंड के सरकारी पॉलिटेक्निक संस्थानों में पढ़ने वाले युवाओं को अब आधुनिक तकनीक का प्रशिक्षण देने की तैयारी पूरी हो गई है। प्रदेश के 71 सरकारी पॉलिटेक्निक के विद्यार्थियों को इंडस्ट्री की जरूरतों के मुताबिक तैयार करने के लिए इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च डेवलपमेंट एंड ट्रेनिंग (IRDT) में एडवांस ट्रेनिंग सेंटर बनाया गया है। इस केंद्र को तैयार करने में 488.52 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

इस ट्रेनिंग सेंटर के जरिए हर साल करीब 5 हजार पॉलिटेक्निक विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। यहां छात्रों को पारंपरिक पढ़ाई के साथ इंडस्ट्री 4.0, नई तकनीकों और आधुनिक मैन्युफैक्चरिंग सिस्टम की जानकारी भी मिलेगी। प्रशिक्षण के लिए विद्यार्थियों के 30-30 के बैच बनाए जाएंगे।

केंद्र में आधुनिक तकनीक से लैस कई प्रयोगशालाएं तैयार की गई हैं। इनमें ऑटोमेशन, इलेक्ट्रॉनिक सर्किट, इलेक्ट्रॉनिक्स प्रोडक्शन, सिमुलेटर और पीएलसी (प्रोग्रामेबल लॉजिक कंट्रोलर) लैब शामिल हैं। इन लैब में विद्यार्थियों को मशीनों का संचालन, इंडस्ट्रियल ऑटोमेशन, मशीन कंट्रोल और प्रोडक्शन प्रक्रिया का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा।

शिक्षकों को भी मिलेगी आधुनिक तकनीक की ट्रेनिंग

इस योजना में सिर्फ विद्यार्थियों को ही नहीं…बल्कि पॉलिटेक्निक संस्थानों के शिक्षकों और प्रयोगशाला सहायकों को भी शामिल किया गया है। उन्हें भी उभरती तकनीकों, आधुनिक मशीनों और डिजिटल कंट्रोल सिस्टम का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद प्रशिक्षित शिक्षक अपने संस्थानों में विद्यार्थियों को भी नई तकनीकों की जानकारी दे सकेंगे।

एडवांस ट्रेनिंग सेंटर का मुख्य उद्देश्य मैकेनिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स और सिविल इंजीनियरिंग के विद्यार्थियों को उद्योगों की जरूरतों के हिसाब से कुशल बनाना है। यहां मशीनों और आधुनिक उपकरणों पर काम करने का अनुभव मिलने से विद्यार्थियों को नौकरी के लिए जरूरी तकनीकी जानकारी हासिल करने में मदद मिलेगी।

प्राविधिक शिक्षा निदेशक देशराज ने बताया कि इस केंद्र से विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ आधुनिक तकनीकों का व्यावहारिक अनुभव मिलेगा। इससे उद्योगों को कुशल कर्मचारी मिल सकेंगे और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *