उत्तराखंड के ग्रामीण खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर, बदहाल मैदानों का होगा कायाकल्प

0
SportsGroundDevelopment

Dehradun Sports | Rural Sports | Sports Ground Development : उत्तराखंड के ग्रामीण इलाकों में छिपी खेल प्रतिभाओं को अब गांव में ही बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। देहरादून जिले की ग्राम पंचायतों में लंबे समय से बदहाल पड़े खेल मैदानों का कायाकल्प करने की तैयारी शुरू हो गई है। ग्राम्य विकास विभाग ने इसके लिए सभी ग्राम पंचायतों से जल्द प्रस्ताव भेजने को कहा है। योजना के तहत पुराने मैदानों को आधुनिक खेल सुविधाओं से लैस किया जाएगा, ताकि गांव के युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने के लिए शहरों का रुख न करना पड़े।

विभागीय आंकड़ों के मुताबिक देहरादून जिले के छह विकासखंडों में कुल 409 ग्राम पंचायतें हैं। इनमें से अधिकांश पंचायतों के पास खेल मैदान के लिए खुली जगह उपलब्ध है.…लेकिन देखरेख के अभाव में कई मैदान बदहाल हो चुके हैं। कहीं झाड़ियां उग आई हैं तो कहीं जमीन ऊबड़-खाबड़ होने से खेल गतिविधियां संचालित करना मुश्किल हो गया है।

अब इन मैदानों को नए सिरे से विकसित करने की योजना बनाई गई है। इसके तहत मैदानों का समतलीकरण, चहारदीवारी, रनिंग ट्रैक, चेंजिंग रूम और आधुनिक शौचालय बनाए जाएंगे। इसके अलावा खिलाड़ियों को खेल किट, गोल पोस्ट, नेट और जिम के उपकरण भी उपलब्ध कराए जाएंगे।

जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में कई प्रतिभाशाली खिलाड़ी संसाधनों और सुविधाओं की कमी के कारण आगे नहीं बढ़ पाते। पंचायतों से प्रस्ताव मिलने के बाद खाली पड़े मैदानों को बेहतर खेल केंद्रों के रूप में विकसित किया जाएगा। इसके लिए बजट का प्रावधान किया जा रहा है।

विभाग का लक्ष्य है कि जल्द ही प्रस्तावों की तकनीकी स्वीकृति पूरी कर निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। इस योजना के पूरा होने से ग्रामीण युवाओं को गांव में ही अभ्यास करने और अपनी खेल प्रतिभा को आगे बढ़ाने का अवसर मिलेगा। उम्मीद है कि गांव के मैदानों से निकलकर खिलाड़ी जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं तक अपनी पहचान बना सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *