देवभूमि से अमित शाह की हुंकार, 2027 के लिए दिया 65 पार का लक्ष्य

0
Amit-Shah

Amit Shah | Uttarakhand BJP | Election 2027 : उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज होने लगी है। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने देहरादून से भाजपा के चुनावी अभियान को धार देते हुए लगातार तीसरी बार सरकार बनाने का आह्वान किया। उन्होंने पार्टी के सामने 65 से अधिक सीटें जीतने का लक्ष्य रखा। शाह ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा की तीसरी सरकार बनने का संदेश राहुल गांधी तक भी पहुंचना चाहिए।

शुक्रवार को परेड ग्राउंड में आयोजित राज्योत्सव समारोह में पहुंचे अमित शाह ने अपने संबोधन में प्रदेश के गठन से लेकर अब तक के विकास का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने उत्तराखंड राज्य बनाया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इसे आगे बढ़ाने तथा संवारने का काम किया है। आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है।

अमित शाह ने कांग्रेस की वोट बचाओ यात्रा को लेकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के विरोध में यात्रा निकाल रही है। उन्होंने इसे घुसपैठियों को बचाने की कोशिश बताया। शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस तुष्टिकरण की राजनीति से बाहर नहीं निकल पा रही है।

अपने भाषण में अमित शाह ने उत्तराखंड सरकार के प्रमुख फैसलों का भी जिक्र किया। उन्होंने समान नागरिक संहिता (UCC)है सख्त नकल विरोधी कानून और मतांतरण विरोधी कानून को सरकार की महत्वपूर्ण उपलब्धियां बताया। शाह ने कहा कि देश में सबसे पहले उत्तराखंड ने समान नागरिक संहिता को लागू करके उदाहरण पेश किया है।

उन्होंने उत्तराखंड को देश की सांस्कृतिक राजधानी बनाने का संकल्प भी दोहराया। शाह ने कहा कि चारधाम, हेमकुंड साहिब और हरिद्वार में आयोजित होने वाला कुंभ उत्तराखंड को विशेष धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देते हैं।

केंद्रीय गृह मंत्री ने राज्य की आर्थिक प्रगति का जिक्र करते हुए कहा कि उत्तराखंड की सकल राज्य घरेलू उत्पाद (GSDP) में 50 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय में 40 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। उन्होंने उद्योगों में निवेश और औद्योगिक परियोजनाओं के धरातल पर उतरने को भी प्रदेश की प्रगति का संकेत बताया।

शाह ने कहा कि उत्तराखंड विकसित भारत के लक्ष्य की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रदेश की विकास यात्रा को आगे बढ़ाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों पर भी जोर दिया।

सीएम धामी ने डबल इंजन सरकार की गिनाईं उपलब्धियां

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड में डबल इंजन सरकार विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में बुनियादी सुविधाओं, रोजगार, पर्यटन और विकास से जुड़े क्षेत्रों में लगातार काम हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *