उत्तराखंड: 17 और 18 अक्टूबर को कैंची धाम में वीकेंड का ट्रैफिक प्लान जारी, इन रूटों से गुजरेंगे वाहन

0
TrafficPlan

Nainital | Traffic Update | Kainchi Dham : बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए कैंची धाम जाने वाले श्रद्धालु और पर्यटक अपनी यात्रा पर निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें। वीकेंड पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने 17 और 18 अक्टूबर के लिए यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। कैंची धाम, भवाली और भीमताल क्षेत्र में जाम से बचने के लिए अलग-अलग रूट तय किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक दोनों दिन सुबह 3 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहनों को जिले की सीमा पर ही रोक दिया जाएगा। वहीं बसों और चौपहिया वाहनों के लिए सुबह 5 बजे से रात 8 बजे तक निर्धारित रूट लागू रहेंगे।

अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर और पिथौरागढ़ से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहन लमगड़ा, धानाचूली, धारी, खुटानी बैंड और भीमताल होते हुए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

रानीखेत से मैदानी क्षेत्रों की ओर जाने वाले वाहनों को क्वारब, ओड़ाखान, रामगढ़, खुटानी बैंड और भीमताल के रास्ते भेजा जाएगा।

वहीं हल्द्वानी, काठगोदाम और मैदानी क्षेत्रों से अल्मोड़ा, जागेश्वर, बागेश्वर व पिथौरागढ़ जाने वाले वाहन भीमताल के खुटानी बैंड से धारी और धानाचूली बैंड होते हुए आगे जाएंगे। काठगोदाम से रानीखेत, बेतालघाट, सुयालबाड़ी और खैरना जाने वाले वाहनों को सैनिटोरियम से रातीघाट मार्ग का इस्तेमाल करना होगा।

भीमताल के रास्ते कैंची धाम पहुंचने वाले बाहरी जिलों और राज्यों के पर्यटकों को अपने निजी वाहन विकास भवन पार्किंग, भीमताल में खड़े करने होंगे। इसके बाद स्थानीय शटल सेवा से भवाली और कैंची धाम मंदिर तक पहुंचने की व्यवस्था रहेगी।

वहीं गेठिया और नैनीताल के रास्ते आने वाले पर्यटकों को भवाली सैनिटोरियम पार्किंग में वाहन खड़े करने होंगे। यहां से भी शटल सेवा के जरिए मंदिर तक पहुंच सकेंगे।

वीकेंड के दौरान कैंची धाम क्षेत्र और नैनीताल में टैक्सी व दोपहिया वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। पुलिस ने श्रद्धालुओं, पर्यटकों और वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय रूट और पार्किंग व्यवस्था का पालन करें….ताकि यात्रा के दौरान जाम और परेशानी से बचा जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *