Ajit Doval पर राहुल गांधी की टिप्पणी से BJP सैनिक प्रकोष्ठ नाराज, कांग्रेस से मांगा जवाब

0
BJP-Objects-to-Rahul-Gandhis-Remarks-on-Ajit-Dova

Ajit Doval | Rahul Gandhi | BJP Sainik Prakoshth | Haldwani : राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजीत डोभाल को लेकर राहुल गांधी की टिप्पणी पर भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ, उत्तराखंड ने आपत्ति जताई है। गुरुवार को हल्द्वानी में हुई प्रेस वार्ता में प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक और सेवानिवृत्त कर्नल जगत सिंह जंतवाल ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे गंभीर विषयों पर राजनीतिक मतभेद हो सकते हैं…लेकिन इस दौरान भाषा और तथ्यों की मर्यादा बनाए रखना जरूरी है।

कर्नल जंतवाल ने कहा कि अजीत डोभाल का राष्ट्रसेवा और सुरक्षा के क्षेत्र में लंबा अनुभव रहा है। सरकार की नीतियों और राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े फैसलों पर सवाल उठाना विपक्ष का अधिकार है…लेकिन देश की सेवा में योगदान देने वाले लोगों पर व्यक्तिगत टिप्पणी करने से बचना चाहिए।

भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ ने सर्जिकल स्ट्राइक, बालाकोट एयरस्ट्राइक और ऑपरेशन सिंदूर जैसे मुद्दों पर स्वस्थ और तथ्य आधारित बहस की जरूरत बताई। प्रकोष्ठ ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों पर चर्चा करते समय भारतीय सेना के शौर्य, सैनिकों के बलिदान और देश की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जानी चाहिए।

प्रेस वार्ता में सेवानिवृत्त कैप्टन सोबन सिंह, सूबेदार मेजर अर्जुन सिंह भंडारी और सूबेदार मेजर अमत सिंह भदौरिया ने भी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में जिम्मेदारी और गरिमा के साथ अपनी बात रखने की अपील की।

भाजपा सैनिक प्रकोष्ठ ने कांग्रेस नेतृत्व और उत्तराखंड कांग्रेस से अजीत डोभाल के संबंध में की गई टिप्पणी पर अपना आधिकारिक पक्ष स्पष्ट करने का आग्रह किया। प्रकोष्ठ ने कहा कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दों पर जिम्मेदार संवाद और राष्ट्रसेवा में योगदान देने वाले व्यक्तित्वों के प्रति सम्मान लोकतांत्रिक मर्यादा का हिस्सा है।

प्रेस वार्ता में भाजपा उत्तराखंड के प्रदेश प्रवक्ता सुरेश तिवारी, भाजपा नैनीताल के जिला सह मीडिया प्रभारी मनीष पाल और भाजयुमो नेता विष्णु सक्सेना भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed