देहरादून में ट्रिपल मर्डर: लूट के इरादे से घर में घुसा बदमाश, पेचकस से बुजुर्ग दंपती और नौकरानी की बेरहमी से की हत्या

0
dehradun-triple-murder-2

Dehradun | Triple Murder | Crime : देहरादून में मंगलवार दोपहर एक घर के अंदर तीन लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। रायपुर थाना क्षेत्र की विष्णु लोक कॉलोनी में हुई इस वारदात में बुजुर्ग दंपती और उनके घर में काम करने वाली महिला की जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है।

मामला विष्णु लोक कॉलोनी के मकान नंबर 16 का है। दोपहर करीब तीन बजे एक युवक घर में दाखिल हुआ। उस वक्त 85 वर्षीय रमेश कपूर, उनकी 76 वर्षीय पत्नी रजनी कपूर और करीब 45 वर्षीय घरेलू सहायिका शीला घर में मौजूद थीं।

शुरुआती जानकारी के मुताबिक आरोपी ने रजनी कपूर के गले से चेन छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर उसने पेचकस से उन पर हमला कर दिया। शोर सुनकर शीला मौके पर पहुंचीं तो उन पर भी हमला किया गया। इसके बाद रमेश कपूर भी हमले की चपेट में आ गए। तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

घर से चीख-पुकार सुनकर पड़ोसी मौके पर पहुंचे। इसी दौरान आरोपी वहां से भागने लगा। पड़ोसियों ने उसका पीछा किया और कुछ दूरी पर उसे पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना देकर आरोपी को पुलिस के हवाले कर दिया गया।

घायल तीनों लोगों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही रायपुर थाना पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। शुरुआती जांच में लूट की आशंका सामने आई है…हालांकि पुलिस वारदात के पीछे किसी दूसरे कारण की भी पड़ताल कर रही है। यह भी जांच की जा रही है कि आरोपी अकेला था या उसके साथ कोई और व्यक्ति भी शामिल था।

बताया गया है कि रमेश कपूर ऑर्डिनेंस फैक्टरी से सेवानिवृत्त थे। उनके दो बेटे हैं…जो पुणे और दिल्ली में रहते हैं। घटना की जानकारी मिलने के बाद परिवार में भी मातम छा गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *