उत्तराखंड: यूट्यूबर अनुराग डोभाल पर गंभीर आरोप, FIR के बाद पुलिस ने किया अरेस्ट

0

देहरादून: देहरादून में बिग बॉस फेम और यूट्यूबर अनुराग डोभाल की मुश्किलें बढ़ गई हैं। नेहरू कॉलोनी थाना पुलिस ने मारपीट और जान से मारने की धमकी देने के मामले में अनुराग डोभाल को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके साथ तीन अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया है। यह कार्रवाई राज सिंह चौहान की शिकायत के बाद की गई।

राज सिंह चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 5 अक्टूबर की शाम उनकी अनुराग डोभाल और उनके साथियों से मुलाकात हुई थी। इसके बाद रात करीब 8 बजे कैफे के पास बातचीत के दौरान विवाद बढ़ गया। राज सिंह का आरोप है कि इसी दौरान उनके साथ मारपीट की गई।

शिकायत में राज सिंह ने आरोप लगाया कि अनुराग डोभाल ने उनका गला दबाया और जान से मारने की कोशिश की। इसके बाद उनके साथ मौजूद लोगों ने भी मारपीट की। राज सिंह ने वाहन से कुचलने की कोशिश और लोहे की वस्तु से हमला किए जाने का भी आरोप लगाया है।

राज सिंह का कहना है कि घटना के दौरान उनका मोबाइल फोन और सोने की चेन भी ले ली गई। उन्होंने अपने और परिवार के सदस्यों को जान से मारने की धमकी दिए जाने का भी आरोप लगाया है। इन आरोपों की पुलिस जांच कर रही है।

बताया जा रहा है कि पूरा विवाद पारिवारिक मामले से जुड़ा है। राज सिंह चौहान की चचेरी बहन रितिका, अनुराग डोभाल की पत्नी हैं। इसी पारिवारिक विवाद को लेकर बातचीत के दौरान दोनों पक्षों के बीच मामला बिगड़ने की बात सामने आई है।

पुलिस ने शिकायत के आधार पर अनुराग डोभाल समेत अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 117(2), 191(2) और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक अनुराग डोभाल के अलावा तीन अन्य लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है। सभी को आगे की कानूनी प्रक्रिया के तहत पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *