उत्तराखंड में यहां हुआ बड़ा सड़क हादसा, पुलिसकर्मियों से भरी बस को ट्रक ने मारी टक्कर

0
asharodi-checkpost-police-bus-truck-accident-dehra

Asharodi Accident | Police Bus | Dehradun : आशारोड़ी चेकपोस्ट के पास एक बार फिर तेज रफ्तार ट्रक ने पुलिस वाहन को टक्कर मार दी। सोमवार रात हुए इस हादसे के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति संभाली।

बताया जा रहा है कि ट्रक तेज गति से आ रहा था। चेकपोस्ट के पास उसने पुलिस वाहन को पीछे से टक्कर मार दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक पुलिस का यह वाहन आईआरबी से जुड़ा बताया जा रहा है। हादसे के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।

आशारोड़ी चेकपोस्ट के आसपास सड़क हादसों की घटनाएं पहले भी सामने आती रही हैं। इससे पहले चार अक्टूबर को इसी चेकपोस्ट के पास एक ट्रक ने मेरठ में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर की कार को टक्कर मार दी थी। हादसे में इंस्पेक्टर और उनके बच्चों को चोटें आई थीं। घटना के बाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।

लगातार हो रहे हादसों को देखते हुए इस हिस्से में वाहनों की रफ्तार नियंत्रित करने के लिए रंबल स्ट्रिप भी लगाई गई हैं। इसके बावजूद भारी वाहनों की तेज रफ्तार को लेकर चिंता बनी हुई है। पुलिस अब ताजा हादसे के कारणों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *