UKPSC Lower PCS Result: आयुष बेलवाल बने नंबर-1, विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर

0
LowerPCSResult

Lower PCS Result | UKPSC | Uttarakhand Jobs : उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने लोअर पीसीएस 2024 परीक्षा का अंतिम परिणाम जारी कर दिया है। 25 सितंबर 2026 को जारी परिणाम में देहरादून के आयुष बेलवाल ने पहला स्थान हासिल किया है। विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रही हैं।

इस भर्ती के जरिए अलग-अलग विभागों में कुल 113 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है। इनमें नायब तहसीलदार, उप कारापाल, पूर्ति निरीक्षक, विपणन निरीक्षक, श्रम प्रवर्तन अधिकारी और अन्य पद शामिल हैं।

आयुष बेलवाल ने हासिल किया पहला स्थान

लोअर पीसीएस की अंतिम मेरिट में आयुष बेलवाल ने टॉप किया है। उनके बाद विक्रांत सिंह दूसरे और हिमानी लोहानी तीसरे स्थान पर रही हैं। अनिमेष पुनीता ने चौथा और भूपेश सिंह नगर कोटी ने पांचवां स्थान हासिल किया है।

वहीं उप कारापाल पद के चयन में गैरसैंण तहसील के डुंगरी निवासी मनीष सिरसवाल ने दूसरा स्थान हासिल किया है। मनीष शिक्षक भोला दत्त सिरसवाल के बेटे हैं। उनकी सफलता के बाद क्षेत्र में खुशी का माहौल है।

113 पदों के लिए हुई थी भर्ती

उत्तराखंड लोक सेवा आयोग ने इस भर्ती के लिए 3 जनवरी 2025 को विज्ञापन जारी किया था। भर्ती के तहत कुल 113 रिक्त पदों को भरा जाना था।

मुख्य परीक्षा का परिणाम 27 मार्च 2026 को जारी किया गया था। इसके बाद सफल अभ्यर्थियों के लिए 27 जुलाई से 3 सितंबर 2026 तक साक्षात्कार, शारीरिक मापदंड और चिकित्सा परीक्षण की प्रक्रिया पूरी की गई।

इन सभी चरणों के आधार पर अभ्यर्थियों की अंतिम मेरिट तैयार की गई और अब पदवार चयन परिणाम जारी किया गया है।

किस पद पर कितने अभ्यर्थियों का चयन?

आयोग के अनुसार नायब तहसीलदार के 36 पदों पर चयन हुआ है। उप कारापाल के 14 और पूर्ति निरीक्षक के 36 पद भरे गए हैं।

इसके अलावा विपणन निरीक्षक के 6, श्रम प्रवर्तन अधिकारी के 5 और आबकारी निरीक्षक के 5 पदों पर अभ्यर्थियों का चयन किया गया है।

ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक के 2, गन्ना विकास निरीक्षक के 6 और खांडसारी निरीक्षक के 3 पदों के लिए भी चयन हुआ है।

रिजल्ट के साथ अंक और कटऑफ भी जारी

UKPSC ने अंतिम चयन परिणाम के साथ अभ्यर्थियों के मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों की जानकारी भी उपलब्ध कराई है। इसके साथ संबंधित पदों के कटऑफ अंक भी जारी किए गए हैं।

अभ्यर्थी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर पदवार चयन सूची, अपने प्राप्तांक और कटऑफ की जानकारी देख सकते हैं।

इसके साथ ही लोअर PCS 2024 की भर्ती प्रक्रिया का अंतिम चरण भी पूरा हो गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *