उत्तराखंड के छात्रों के लिए बड़ी खबर, 10वीं-12वीं के बच्चों के खातों में आएंगे टैब के पैसे

0
StudentTabletScheme

Youth Student Dialogue | Tablet Scheme | Uttarakhand Education : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन कार्यक्रम में प्रदेशभर से चयनित 140 छात्र-छात्राओं से संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से उत्तराखंड के विकास, शिक्षा, रोजगार और भविष्य को लेकर उनके विचार और सुझाव जाने।

मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की ओर से दिए गए उपयोगी और व्यावहारिक सुझावों को सरकार की योजनाओं और नीति-निर्धारण से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने कहा कि युवाओं के विचार और नई सोच विकसित उत्तराखंड के निर्माण में अहम भूमिका निभा सकते हैं।

10वीं और 12वीं के छात्रों को मिलेगा टैब

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने घोषणा की कि राजकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले कक्षा 10वीं और 12वीं के विद्यार्थियों को टैब उपलब्ध कराने के लिए उनके बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से धनराशि दी जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार शिक्षा व्यवस्था को भविष्य की जरूरतों के अनुरूप तैयार करने और विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने के लिए लगातार काम कर रही है।

2.67 लाख से ज्यादा विद्यार्थियों ने दिए सुझाव

मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन अभियान में प्रदेशभर के 2 लाख 67 हजार 744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध, विचार और सुझाव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में विद्यार्थियों की भागीदारी यह दिखाती है कि प्रदेश के युवा उत्तराखंड के भविष्य और विकास को लेकर जागरूक हैं।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों ने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन, सड़क, वन एवं पर्यावरण, खेल, पलायन, स्वरोजगार, स्टार्टअप और गांवों में रोजगार के अवसर बढ़ाने जैसे विषयों पर अपने सुझाव दिए।

अलग-अलग विषयों में इन विद्यार्थियों ने हासिल किया स्थान

कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर बेहतर विचार प्रस्तुत करने वाले विद्यार्थियों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।

शिक्षा एवं युवा अवसर विषय में मयूह भंडारी और रवीना, पर्यावरण, वन एवं आपदा प्रतिरोधक क्षमता में शेरोन कपूर, स्वास्थ्य एवं जन सेवाएं में सतीश कुमार, पर्वतीय क्षेत्रों में पलायन एवं रोजगार में माही बलाई, सड़क, संपर्क एवं आधारभूत संरचना में श्रितिका रावत, प्रौद्योगिकी एवं सुशासन में प्रियांशु सजवाण, पर्यटन एवं स्थानीय अर्थव्यवस्था में दृष्टि चौहान और महिला एवं बाल कल्याण विषय में अनुष्का नेगी विजेता रहे।

मुख्यमंत्री ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

AI और आधुनिक कौशल से जोड़ने पर जोर

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी तकनीक, नवाचार और नई सोच के साथ तेजी से आगे बढ़ रही है। ऐसे में युवाओं को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), रोबोटिक्स, डिजिटल तकनीक और आधुनिक मांग के अनुरूप कौशल से जोड़ना जरूरी है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य युवाओं को सिर्फ नौकरी के लिए तैयार करना नहीं….बल्कि उन्हें उद्यमिता और स्वरोजगार के माध्यम से रोजगार देने वाला बनाने की दिशा में भी काम करना है।

युवाओं और सरकार के बीच संवाद जरूरी

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार और युवाओं के बीच लगातार संवाद बना रहना चाहिए। उन्होंने प्रशासन और विद्यार्थियों के बीच हुए संवाद का जिक्र करते हुए कहा कि इस तरह का वैचारिक मंथन नई सोच और बेहतर नीति बनाने में मददगार हो सकता है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के युवाओं में प्रतिभा और सामर्थ्य की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें सही अवसर, सही दिशा और पारदर्शी व्यवस्था उपलब्ध कराने की है। पर्वतीय क्षेत्रों में रोजगार और आजीविका के अवसर बढ़ाने के लिए औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों के विस्तार पर भी जोर दिया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed