सेना में जाने का सपना देख रहे युवाओं के लिए बड़ी खबर, रुड़की में इस दिन से अग्निवीर भर्ती

0
Agniveer-Recruitment

Army Agniveer | Recruitment Rally | CEE 2027 : भारतीय सेना में अग्निवीर के रूप में भर्ती होने की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए जरूरी अपडेट सामने आया है। CEE-2027 में सफल अभ्यर्थियों की भर्ती रैली रुड़की में 5 अक्टूबर से शुरू होगी। भर्ती प्रक्रिया 23 अक्टूबर तक चलेगी।

रैली में अभ्यर्थियों की शारीरिक दक्षता परीक्षा और दस्तावेजों का सत्यापन किया जाएगा। अग्निवीर जनरल ड्यूटी के अलावा क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल, टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणियों के लिए भर्ती प्रक्रिया निर्धारित की गई है।

क्लर्क और स्टोर कीपर टेक्निकल श्रेणी में उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के सभी जिलों से CEE-2027 में सफल अभ्यर्थी शामिल हो सकेंगे। अग्निवीर जनरल ड्यूटी के लिए उत्तराखंड के उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, देहरादून और हरिद्वार जिलों के अभ्यर्थियों को शामिल किया जाएगा।

किस दिन किस श्रेणी की भर्ती

5 से 12 अक्टूबर तक उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के सभी जिलों के क्लर्क/स्टोर कीपर टेक्निकल अभ्यर्थियों की प्रक्रिया होगी।

13 से 19 अक्टूबर के बीच उत्तराखंड के सात जिलों से अग्निवीर जनरल ड्यूटी के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी।

20 अक्टूबर को टेक्निकल और ट्रेड्समैन श्रेणी के 8वीं और 10वीं पास अभ्यर्थियों की भर्ती प्रक्रिया होगी।

इसके बाद 21 से 23 अक्टूबर तक मेडिकल परीक्षा कराई जाएगी।

दस्तावेजों की तैयारी पहले से करें

रैली में आने वाले अभ्यर्थियों को एडमिट कार्ड, पैन कार्ड, आधार कार्ड और आधार से लिंक मोबाइल नंबर साथ लाना होगा। इसके अलावा ऑनलाइन जारी पुलिस चरित्र प्रमाणपत्र और 20 रंगीन फोटो भी जरूरी होंगे।

शैक्षणिक योग्यता से जुड़े मूल प्रमाणपत्र भी साथ रखने होंगे। कक्षा 8 की अंकतालिका पर जिला शिक्षा अधिकारी का प्रति हस्ताक्षर होना आवश्यक है। अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों की तीन-तीन फोटो कॉपी भी साथ रखनी होगी।

रैली स्थल पर ही अभ्यर्थियों का शपथ पत्र तैयार किया जाएगा। इसलिए भर्ती में शामिल होने वाले युवाओं को सलाह है कि वे निर्धारित तारीख से पहले अपने सभी दस्तावेज पूरे कर लें और मूल प्रमाणपत्रों के साथ उनकी प्रतियां भी तैयार रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *