नैनीताल: नम आंखों से दी गई अंतिम विदाई, जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी पंचतत्व में विलीन

0
girija-shankar-joshi

Girija Shankar Joshi | Haldwani Media Center | Nainital Information Department : नैनीताल के जिला सूचना अधिकारी गिरिजा शंकर जोशी का रविवार को रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। उनके निधन से सूचना विभाग, पत्रकारिता जगत और विभिन्न विभागों में शोक का माहौल है। 12 सितंबर की दोपहर आकस्मिक हृदयगति रुकने से उनका निधन हुआ था।

गिरिजा शंकर जोशी की अंतिम यात्रा रविवार सुबह करीब 8 बजे हल्द्वानी के बीके पुरम स्थित उनके आवास से शुरू हुई। अंतिम यात्रा चित्रशिला घाट रानीबाग पहुंची….जहां बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, पत्रकार, जनप्रतिनिधि और अन्य लोग उन्हें अंतिम विदाई देने पहुंचे।

चित्रशिला घाट पर लोगों ने दी श्रद्धांजलि

अंतिम संस्कार के दौरान नैनीताल-ऊधमसिंह नगर सांसद अजय भट्ट सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे। इनमें मीडिया सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष ध्रुव रौतेला, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रयाल, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, नगर आयुक्त पारितोष वर्मा, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत और अन्य अधिकारी शामिल रहे।

इसके अलावा सहायक निर्वाचन अधिकारी नैनीताल हंसादत्त पांडे, संयुक्त निदेशक/महानिदेशक सूचना के प्रतिनिधि केएस चौहान, संपादक कमलेश भट्ट, जिला सूचना अधिकारी ऊधमसिंह नगर गोविंद बिष्ट और प्रभारी मीडिया सेंटर हल्द्वानी अहमद नदीम समेत सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी भी मौजूद रहे।

पत्रकारों और अधिकारियों ने जताया दुख

चित्रशिला घाट पर मौजूद लोगों ने गिरिजा शंकर जोशी को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। सभी ने उनके निधन पर गहरा दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना भी की गई।

गिरिजा शंकर जोशी अपने पीछे पत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री समेत भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से परिवार के साथ-साथ उनके परिचितों और सहयोगियों में भी शोक की लहर है।

14 सितंबर को मीडिया सेंटर में होगी शोक सभा

गिरिजा शंकर जोशी की स्मृति में सोमवार 14 सितंबर 2026 को हल्द्वानी के मीडिया सेंटर में शोक सभा आयोजित की जाएगी। यह शोक सभा सुबह 11 बजे होगी।

इस दौरान सूचना विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, जिले के पत्रकार और अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहकर दिवंगत जिला सूचना अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।

शोक सभा के जरिए उनके साथ काम करने वाले सहयोगी और पत्रकार उन्हें श्रद्धांजलि देंगे और परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करेंगे। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय को सहने की शक्ति दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *