मसूरी-देहरादून रोड पर फिर टूटा पहाड़, सड़क का बड़ा हिस्सा बहा; यातायात पूरी तरह बंद

0
Mussoorie-Landslide

Mussoorie Landslide | Dehradun-Mussoorie Road | Uttarakhand Rain : लगातार हो रही बारिश के बीच मसूरी-देहरादून मार्ग पर लोगों की परेशानी बढ़ गई है। मंगलवार सुबह करीब 5 बजे पानी वाले बैंड के पास भारी भूस्खलन हुआ। इस दौरान सड़क का एक बड़ा हिस्सा बह गया….जिसके चलते मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग पूरी तरह बंद हो गया।

सड़क बंद होने से मसूरी आने-जाने वाले पर्यटकों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मार्ग पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया है।

कुछ घंटे पहले ही खुला था रास्ता

इससे पहले सोमवार देर रात गलोगीधार के पास भी भारी भूस्खलन हुआ था। पहाड़ से मलबा और बड़े-बड़े बोल्डर सड़क पर आ गए थे। लोक निर्माण विभाग की टीम ने करीब आठ घंटे की मेहनत के बाद रात लगभग 2 बजे मलबा हटाकर मार्ग को यातायात के लिए खोला था।

लोगों ने राहत की सांस ली ही थी कि कुछ घंटे बाद पानी वाले बैंड के पास फिर भूस्खलन हो गया और सड़क का हिस्सा बहने से मार्ग दोबारा बंद हो गया।

सड़क पर फंसे यात्री

पानी वाले बैंड के पास सड़क का हिस्सा बह जाने के कारण वाहनों के गुजरने के लिए पर्याप्त जगह नहीं बची है। मार्ग बंद होने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लगने की स्थिति बन गई है। लगातार बारिश और भूस्खलन के कारण यात्रियों में भी चिंता बनी हुई है।

सड़क खोलने में जुटा लोनिवि

मार्ग को जल्द खोलने के लिए लोक निर्माण विभाग की टीम मौके पर काम कर रही है। जेसीबी और अन्य मशीनों की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। सड़क के क्षतिग्रस्त हिस्से के पास पहाड़ को काटकर वैकल्पिक रास्ता तैयार करने का भी प्रयास किया जा रहा है।

हालांकि लगातार हो रहे भूस्खलन के कारण सड़क खोलने का काम चुनौतीपूर्ण बना हुआ है।

किमाड़ी रोड से जाने की अपील

मसूरी-देहरादून मुख्य मार्ग बंद होने के बाद लोग वैकल्पिक रास्ते के तौर पर मसूरी-किमाड़ी रोड का इस्तेमाल कर रहे हैं। यह मार्ग कई जगहों पर काफी संकरा है। ऐसे में प्रशासन की ओर से लोगों से सावधानी के साथ इस मार्ग का इस्तेमाल करने की अपील की गई है।

बारिश और भूस्खलन को देखते हुए यात्रियों से अपील की गई है कि वे यात्रा से पहले मार्ग की स्थिति की जानकारी जरूर लें और अनावश्यक जोखिम न उठाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *