राजपुरा में नशे के मुद्दे पर गरमाई सियासत, कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खोला मोर्चा

0
CongressProtest

Drug Campaign | Haldwani Congress | Rajpura Protest : राजपुरा क्षेत्र में कथित नशे के कारोबार के खिलाफ आवाज उठाने वाले सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को प्रदर्शन किया। जिला और महानगर कांग्रेस के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुद्ध पार्क में जुटे और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुतला दहन भी किया गया।

प्रदर्शन में हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश भी शामिल हुए। उन्होंने कहा कि राजपुरा में नशे के खिलाफ चल रही मुहिम केवल किसी एक इलाके की समस्या नहीं है….बल्कि यह पूरे हल्द्वानी से जुड़ा मुद्दा है।

सुमित हृदयेश ने आरोप लगाया कि नशे के कारोबार पर कार्रवाई करने के बजाय इसके खिलाफ आवाज उठाने वाले लोगों को ही मुकदमों में फंसाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने पुलिस को शिकायतें दीं, हस्ताक्षर अभियान चलाया और चौकी पर धरना भी दिया।

विधायक ने पुलिस से मांग की कि नशे के वास्तविक कारोबार और उससे जुड़े नेटवर्क पर कार्रवाई की जाए। साथ ही सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों को बेवजह परेशान न किया जाए।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष गोविंद सिंह बिष्ट ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाने वाले लोगों को अपराधी की तरह पेश करना उचित नहीं है। उन्होंने कथित तौर पर दर्ज मुकदमों की निष्पक्ष जांच कराने और यदि आरोप गलत पाए जाएं तो मुकदमे खत्म करने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल ने कहा कि राजपुरा में चल रहा अभियान युवाओं को नशे से बचाने के उद्देश्य से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की इस आवाज को दबाने के बजाय नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई होनी चाहिए।

कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि राजपुरा चौकी पर धरने के बाद पुलिस अधिकारियों से मुलाकात के दौरान उनकी शिकायत को उचित तरीके से नहीं लिया गया। पार्टी की ओर से पूरे मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की गई है।

कांग्रेस ने घटनाक्रम से जुड़े सीसीटीवी फुटेज और मोबाइल वीडियो को जांच का हिस्सा बनाने की मांग की…ताकि वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।

पार्टी नेताओं ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई सामाजिक मुद्दा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं हुई और नशे के खिलाफ आवाज उठाने वालों को परेशान किया गया तो आंदोलन को आगे बढ़ाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed