कॉमनवेल्थ गेम्स में उत्तराखंड का एक और कमाल, हरिद्वार के शुभम जुयाल ने जीता सिल्वर

ShubhamJuyal | CWG2026 | ShotPut : कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में उत्तराखंड के लिए एक और गर्व की खबर सामने आई है। हरिद्वार जिले के ढंडेरा निवासी और भारतीय सेना के लांस नायक शुभम जुयाल ने शॉट पुट स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया है।

शुभम जुयाल की इस उपलब्धि से उत्तराखंड सहित पूरे देश में खुशी का माहौल है। खेल प्रेमियों और स्थानीय लोगों ने उनकी सफलता पर गर्व जताते हुए उन्हें बधाई दी है।

शुभम मूल रूप से नगर पंचायत ढंडेरा के आदर्श शिवाजी नगर के निवासी हैं। वर्तमान में वह भारतीय सेना की 51 इंजीनियर यूनिट, पुणे में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। सेना का प्रतिनिधित्व करते हुए उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शानदार प्रदर्शन कर भारत के लिए रजत पदक जीता।

उनकी सफलता की खबर मिलते ही क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने उनके परिवार से मुलाकात कर शुभकामनाएं दीं और इसे उत्तराखंड के लिए बड़ी उपलब्धि बताया।

शुभम की पत्नी निशा भी राष्ट्रीय स्तर की कराटे खिलाड़ी रह चुकी हैं और उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। परिवार का कहना है कि शुभम आगे भी कड़ी मेहनत जारी रखेंगे और भविष्य में देश के लिए स्वर्ण पदक जीतने का प्रयास करेंगे।

शुभम जुयाल की यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बनेगी और प्रदेश में खेलों के प्रति उत्साह को नई दिशा देगी।