
लालकुआं। बिन्दुखत्ता को राजस्व ग्राम का दर्जा दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण प्रगति हो रही है। इस संबंध में लालकुआं के विधायक डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने मीडिया को जारी अपनी न्यूज बाइट में कहा कि सरकार इस विषय को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ा रही है और प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंच चुकी है।
उन्होंने बताया कि पूर्व में कुछ तकनीकी एवं प्रशासनिक अड़चनें सामने आई थीं, जिनके समाधान के लिए शासन स्तर पर लगातार बैठकें की जा रही हैं। संबंधित विभागों के आईएएस और पीसीएस अधिकारी सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं तथा सभी आवश्यक औपचारिकताओं को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए गए हैं।
विधायक डॉ. बिष्ट ने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी स्वयं इस विषय पर गंभीर हैं और पूरा सहयोग दे रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रस्ताव आगामी कैबिनेट बैठक में प्रस्तुत किया जाएगा और इस संबंध में आवश्यक आदेश जारी किए जाएंगे।
अपनी न्यूज बाइट में डॉ. मोहन सिंह बिष्ट ने स्पष्ट कहा कि बिन्दुखत्ता के मुद्दे पर कुछ विपक्षी दलों के नेता एवं कुछ संगठनों द्वारा भ्रामक अफवाहें फैलाने का प्रयास किया जा रहा है, जो पूर्णतः निराधार हैं। उन्होंने क्षेत्र की जनता से अपील की कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल शासन-प्रशासन की आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें।
उन्होंने दोहराया कि बिन्दुखत्ता क्षेत्र की जनता के अधिकारों और विकास के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं और सरकार के सहयोग से जल्द ही सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे।







Leave a Reply