उत्तराखंड के विकासनगर में आज सुबह एक बस हादसा हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिमाचल पथ परिवहन की रोडवेज बस अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ ने बचाव अभियान शुरू कर दिया।
हिमाचल प्रदेश के नेरवा से पांवटा जा रही हिमाचल रोडवेज की बस हरिपुर -कोटी – मीनस राजमार्ग पर क्वानू के पास अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। अब तक मिली जानकारी के अनुसार हादसे में दो महिलाओं और एक पुरुष की दुखद मृत्यु हो गई है। बस में 30 से अधिक यात्री सवार बताए जा रहे हैं। एसडीआरएफ की टीम बचाव अभियान में जुटी है। थाना प्रभारी कालसी ने बताया कि घायलों को रेस्क्यू कर अस्पताल पहुंचाया जा चुका है।
इस हृदयविदारक हादसे पर उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि जौनसार–बावर के क्वानू–मीनस मोटर मार्ग (कालसी) के पास हिमाचल परिवहन निगम की बस के गहरी खाई में गिरने का समाचार अत्यंत दुःखद है। इस भीषण दुर्घटना में तीन यात्रियों के अकस्मात निधन की सूचना से मन व्यथित है, जबकि अनेक यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की और प्रशासन से आग्रह किया कि राहत एवं बचाव कार्य में पूरी तत्परता बरती जाए तथा घायलों को शीघ्र और बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने ईश्वर से सभी घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना भी की।
The post खाई में गिरी बस, 3 सवारियों की हुई मृत्यु, कई घायल, दुर्घटना पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने जताया दुख appeared first on News Uttarakhandki.




Leave a Reply