उत्तराखंड स्थापना दिवस पर धामी की 13 सौगातें, किसके लिए क्या किया ऐलान?

0
UttarakhandFoundationDay

Uttarakhand Foundation Day | CM Dhami | 13 Announcements : उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस की 26वीं वर्षगांठ पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण विधानसभा भवन परिसर से प्रदेश के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं तथा भोजन माताओं के मानदेय में 1 दिसंबर 2026 से बढ़ोतरी करने का ऐलान किया। इसके साथ ही अतिथि शिक्षकों का मानदेय बढ़ाने, छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं का विलंबित बिल सरचार्ज माफ करने समेत कुल 13 घोषणाएं कीं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राज्य निर्माण के लिए आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आंदोलनकारियों ने जिस मजबूत और समृद्ध उत्तराखंड का सपना देखा था उसे पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।

मुख्यमंत्री की प्रमुख घोषणाओं में आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों, सहायिकाओं, आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि शामिल है। यह बढ़ोतरी 1 दिसंबर 2026 से लागू होगी। हालांकि मानदेय में कितनी वृद्धि होगी इसकी राशि की जानकारी घोषणा में नहीं दी गई।

इसके अलावा छोटे किसानों और बिजली उपभोक्ताओं के विलंब से बिजली बिल जमा करने पर लगने वाला सरचार्ज माफ करने की घोषणा की गई है। अतिथि शिक्षकों के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने लखपति दीदियों को स्वरोजगार और कारोबार का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। यह राशि दो किस्तों में दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के साथ नए रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।

प्रदेश में निवेश करने के इच्छुक प्रवासियों के लिए भूमि खरीद की प्रक्रिया को भी आसान बनाया जाएगा।

शिक्षा और पढ़ाई की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने प्रत्येक जिले में जिला मुख्यालय से अलग नगरपालिका क्षेत्रों में दो-दो आधुनिक डिजिटल लाइब्रेरी और वाचनालय स्थापित करने की घोषणा की।

इसके अलावा दूरदराज के क्षेत्रों में रहने वाले बुजुर्गों, दिव्यांगजनों और अन्य नागरिकों को घर बैठे सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ‘अपुणि सरकार’ पोर्टल की व्यवस्था को हर जिले में अधिक सरल और प्रभावी बनाया जाएगा।

वन्यजीवों के हमले में घायल होने वाले लोगों को मौजूदा सहायता राशि के अतिरिक्त प्लास्टिक सर्जरी जैसे महंगे इलाज के लिए आर्थिक सहायता दी जाएगी। इससे गंभीर रूप से घायल लोगों को उपचार में मदद मिलेगी।

वहीं अन्य माध्यमों से बिजली प्राप्त करने वाले सभी राजस्व गांवों को पावर ग्रिड से जोड़ने की भी घोषणा की गई।

उत्तराखंड की लोक संस्कृति और लोक भाषाओं के संरक्षण में योगदान देने वाले दो महान लोक कलाकारों स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी और स्वर्गीय चन्द्र सिंह राही को उत्तराखंड गौरव सम्मान से सम्मानित किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों की लंबित मांगों और समस्याओं के समाधान के लिए कैबिनेट समिति गठित करने का ऐलान किया। यह समिति आंदोलनकारियों के चिह्नीकरण के नियमों में छूट, दोहरी पेंशन और आश्रितों को प्रमाणपत्र देने जैसे विषयों पर विचार कर अपनी संस्तुति देगी।

इसके साथ ही वर्ष 2013-14 में नियुक्त उन राज्य आंदोलनकारियों के मामलों में भी सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी….जो संबंधित अधिनियम के दायरे में आते हैं।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राज्य की विकास यात्रा का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2022 में उत्तराखंड की अर्थव्यवस्था करीब 2.55 लाख करोड़ रुपये थी…जो अब बढ़कर लगभग 3.82 लाख करोड़ रुपये हो गई है। राज्य का बजट भी 1.11 लाख करोड़ रुपये से अधिक पहुंच चुका है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सरकार उत्तराखंड को देश का अग्रणी राज्य बनाने के लिए काम कर रही है। चारधाम सड़क परियोजना, दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और केदारनाथ व हेमकुंड साहिब रोपवे परियोजनाओं से प्रदेश में कनेक्टिविटी और पर्यटन को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता आई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत क्षैतिज आरक्षण और सहकारी प्रबंध समितियों में 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। प्रदेश में तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं।

उन्होंने बताया कि बलिदानी सैनिकों के परिजनों को दी जाने वाली अनुग्रह राशि 10 लाख से बढ़ाकर 50 लाख रुपये की गई है। सैन्य धाम का निर्माण भी लगभग पूरा हो चुका है।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य आंदोलनकारियों और लोकगायक स्वर्गीय गोपाल बाबू गोस्वामी के परिजनों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। कृषि, उद्यानिकी, स्वरोजगार और खेल के क्षेत्र में बेहतर काम करने वाले लोगों को भी सम्मानित किया गया। विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को अनुदान के चेक, किसानों को पावर वीडर अनुदान और किसान भूषण व किसान श्री पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके साथ ही खेल प्रतिभाओं आरुषि नेगी, महक रावत और हर्षवर्धन बिष्ट को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि, अधिकारी, राज्य आंदोलनकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *