मंत्री रेखा आर्य के पति गिरधारी साहू गिरफ्तार, झांसी में पुलिस ने पकड़ा

0
minister-rekha-arya-husband-arrested-girdhari-sahu

Rekha Arya | Girdhari Sahu | Uttarakhand News : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य से जुड़े विवाद में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। उनके पति गिरधारी लाल साहू उर्फ पप्पू गिरधारी को उत्तर प्रदेश के झांसी से गिरफ्तार कर लिया गया है। जानकारी के मुताबिक वह गिरफ्तारी से बचने के लिए पिछले कई दिनों से झांसी में रह रहा था। शनिवार सुबह पुलिस ने उसे हिरासत में लिया। इसके बाद एसआईटी की टीम उसे लेकर देहरादून के लिए रवाना हो गई।

गिरधारी साहू की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उससे पूरे मामले को लेकर पूछताछ करेगी। जांच अधिकारी शिकायत में लगाए गए आरोपों और अब तक जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर उससे सवाल कर सकते हैं।

गिरधारी लाल साहू ने गिरफ्तारी की आशंका जताते हुए देहरादून की अदालत में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन किया था। हालांकि पंचम अपर सत्र न्यायाधीश एवं एससी-एसटी एक्ट की विशेष न्यायाधीश अंजलि बेंजवाल की अदालत ने उनकी याचिका खारिज कर दी थी।

अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि एफआईआर में लगाए गए आरोप प्रथमदृष्टया एससी-एसटी एक्ट के तहत अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में कानून की धारा 18 और 18ए के तहत अग्रिम जमानत पर रोक लागू होती है। इसके बाद उनके खिलाफ गैर जमानती वारंट भी जारी किया गया था।

रेखा आर्य ने 15 अक्टूबर को देहरादून के कैंट थाने में अपने पति के खिलाफ शिकायत दी थी। इसमें उन्होंने मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न, मारपीट, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल और जान से मारने की साजिश जैसे गंभीर आरोप लगाए थे।

शिकायत में एक कथित घटना का जिक्र वर्ष 2004 का है। आरोप है कि गिरधारी साहू ने मंत्री के आवास पर कर्मचारियों के सामने उनके लिए अपमानजनक और जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया था।

शिकायत दर्ज होने के बाद रेखा आर्य ने सोशल मीडिया पर दो कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग साझा की थीं। इनमें गिरधारी साहू और कल्पना मिश्रा उर्फ कल्पना चतुर्वेदी के बीच बातचीत होने का दावा किया गया था। इन रिकॉर्डिंग को लेकर पैसे के लेनदेन, संपत्ति और मंत्री को नुकसान पहुंचाने जैसी बातों पर विवाद खड़ा हुआ था।

वहीं गिरधारी साहू ने इन रिकॉर्डिंग को फर्जी बताते हुए एआई से तैयार किए जाने का दावा किया था। उन्होंने रेखा आर्य पर करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप भी लगाया था। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

प्रकरण की जांच के लिए एसपी ग्रामीण जया बलूनी के नेतृत्व में विशेष जांच टीम बनाई गई थी। एसआईटी ने मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल शुरू की थी। जांच के सिलसिले में बरेली में भी टीम ने जानकारी जुटाई थी।

विवाद के दौरान रेखा आर्य की तबीयत बिगड़ने पर उन्हें देहरादून के कृष्णा मेडिकल सेंटर में भर्ती कराया गया था। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद उन्होंने मीडिया के सामने अपना पक्ष रखा था और घरेलू हिंसा के खिलाफ महिलाओं से आवाज उठाने की अपील की थी।

अब गिरधारी लाल साहू की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की पूछताछ और जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *