हल्द्वानी नगर निगम की बैठक में पार्षद प्रीति आर्या ने उठाए ये पांच बड़े मुद्दे
Haldwani | Municipal Corporation | Public Issues : नगर निगम की बोर्ड बैठक में राजेंद्र नगर वार्ड नंबर 12 की पार्षद प्रीति आर्या ने अपने वार्ड के साथ ही नगर निगम क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने जनता से जुड़े पांच अहम मुद्दों पर कार्रवाई की मांग करते हुए नगर निगम के कामकाज में पारदर्शिता लाने पर जोर दिया।
पार्षद ने सबसे पहले सीवर लाइन बिछाने के लिए खोदी गई गलियों की सड़कों का निर्माण जल्द कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि लंबे समय से सड़कें खुदी होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। इससे दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहता है। इसलिए इन सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर ठीक कराया जाना चाहिए।
बैठक में उन्होंने बोर्ड प्रस्ताव संख्या 14 का विरोध करते हुए इसे निरस्त करने की मांग पर विचार करने को कहा। साथ ही राजेंद्र शिल्पकार सेवा संस्थान-शीशमहल कम्युनिटी हॉल और वार्ड 12 स्थित शिल्पकार सेवा संस्थान का संचालन संबंधित समितियों और समाज के पास ही बनाए रखने की मांग उठाई।
प्रीति आर्या ने कहा कि आजादी से पहले से शिल्पकार समाज इन संस्थानों का संचालन करता आ रहा है। ऐसे में उनसे यह अधिकार छीना जाना समाज का अपमान है। उन्होंने इस मामले में किसी भी तरह का बदलाव स्वीकार नहीं करने की बात कही।
उन्होंने वार्ड की उन गलियों में पेयजल लाइन बिछाने की मांग भी की….जहां अब तक पानी की पाइपलाइन नहीं पहुंची है। इसके लिए संबंधित अधिकारियों से मौके पर जाकर निरीक्षण करने और जरूरत के मुताबिक नई लाइन बिछाने की कार्रवाई करने को कहा।
पार्षद ने नगर निगम की सभी बोर्ड बैठकों का लाइव प्रसारण कराने और मीडिया को बैठक की कवरेज की अनुमति देने का मुद्दा भी उठाया। उनका कहना था कि बैठकों की कार्यवाही आम लोगों के सामने आने से नगर निगम के फैसलों और कामकाज में पारदर्शिता बढ़ेगी।
इसके अलावा उन्होंने पिछली बोर्ड बैठकों में पास हुए प्रस्तावों और अब तक अधूरे पड़े जनहित के कार्यों की समीक्षा कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन कार्यों की प्रगति रिपोर्ट सार्वजनिक की जाए और सभी विकास कार्य तय समयसीमा में पूरे कराए जाएं।
प्रीति आर्या ने कहा कि नगर निगम का मुख्य उद्देश्य राजनीति करना नहीं…बल्कि जनता की समस्याओं का समाधान करना और क्षेत्र का विकास करना होना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनहित से जुड़े मुद्दों को वह आगे भी बोर्ड बैठकों में उठाती रहेंगी।
