प्राथमिक शिक्षकों के खाली पदों पर जल्द होगी भर्ती, शिक्षा मंत्री ने दिए निर्देश

0
WhatsApp-Image-2025-09-06-at-6.30.43-PM

Education News | Uttarakhand News | Teacher Recruitment : उत्तराखंड के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर करने के लिए जल्द भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में बेसिक शिक्षकों के 400 से अधिक पद खाली हैं। इन पदों को भरने के लिए शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत ने विभागीय अधिकारियों को प्रक्रिया जल्द शुरू करने के निर्देश दिए हैं।

शनिवार को शासकीय आवास पर विद्यालयी शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने शिक्षकों की भर्ती, प्रधानाचार्यों की पदोन्नति और स्कूलों में खेल सुविधाएं विकसित करने सहित कई विषयों पर चर्चा की।

शिक्षा मंत्री ने कहा कि कुछ स्कूलों में विद्यार्थियों की संख्या कम होने के बावजूद जरूरत से ज्यादा शिक्षक तैनात हैं। वहीं कई विद्यालयों में छात्रों की संख्या अधिक है….लेकिन शिक्षकों की कमी बनी हुई है। ऐसे में शिक्षकों का समायोजन किया जाएगा, ताकि जरूरत वाले स्कूलों में पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध हो सकें।

बैठक में राजकीय इंटर कॉलेजों में प्रधानाचार्यों के खाली पदों को भरने पर भी जोर दिया गया। मंत्री ने अधिकारियों को पदोन्नति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए, ताकि विद्यालयों में शैक्षणिक और प्रशासनिक कामकाज बेहतर तरीके से चल सके।

इसके साथ ही उन्होंने विभाग की विभिन्न योजनाओं की समीक्षा की और संबंधित कार्यों के भूमि-पूजन, शिलान्यास, उद्घाटन तथा लोकार्पण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने को कहा।

सरकारी स्कूलों में खेल सुविधाएं बढ़ाने के लिए प्रदेश के हर जिले के प्रत्येक ब्लॉक में एक विद्यालय में खेल मैदान बनाने की योजना है। इसके लिए शिक्षा विभाग अपने विद्यालय परिसरों में जमीन उपलब्ध कराएगा।

इस काम को आगे बढ़ाने के लिए शिक्षा विभाग और खेल एवं युवा कल्याण विभाग के बीच जल्द समझौता ज्ञापन (एमओयू) किया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने अधिकारियों को इसकी मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार करने के निर्देश भी दिए हैं।

इससे पहले शिक्षा और युवा कल्याण विभाग के बीच प्रदेश में खेल गतिविधियों के लिए वार्षिक खेल कैलेंडर लागू किया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *