अंकिता भंडारी केस में CBI की जांच तेज, हरिद्वार में सुरेश राठौड़ से पूछताछ

0
ankita-bhandari-case-cbi-questioning

Ankita Bhandari Case | CBI Investigation | Suresh Rathour : उत्तराखंड के चर्चित अंकिता भंडारी हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर चल रही जांच के बीच CBI की टीम शनिवार 17 अक्टूबर को पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ के आवास पर पहुंची। इस घटनाक्रम के बाद मामले ने एक बार फिर तूल पकड़ लिया है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक टीम सुरेश राठौड़ को हरिद्वार के बीएचईएल स्थित शिवालिक गेस्ट हाउस ले गई…जहां उनसे पूछताछ की गई। हालांकि पूछताछ के सवालों और उससे सामने आए तथ्यों को लेकर CBI की ओर से विस्तृत आधिकारिक जानकारी जारी नहीं की गई।

CBI की यह कार्रवाई अंकिता के माता-पिता की जांच एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात के एक दिन बाद हुई। 16 अक्टूबर को अंकिता के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और मां सोनी देवी ने दिल्ली स्थित CBI मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के सामने अपनी बात रखी थी। इस दौरान सांसद अनिल बलूनी भी उनके साथ मौजूद थे। CBI अधिकारियों ने परिवार को भरोसा दिलाया कि मामले के सभी पहलुओं की निष्पक्षता से जांच की जाएगी।

अंकिता के माता-पिता लंबे समय से मामले में कथित VIP की भूमिका की जांच की मांग उठा रहे हैं। हालिया मुलाकात के दौरान परिवार ने पूर्व विधायक सुरेश राठौड़ और अभिनेत्री उर्मिला सनावर के नार्को टेस्ट की मांग भी रखी। यह मांग कथित तौर पर वायरल हुए ऑडियो क्लिप के संदर्भ में की गई है….जिनमें अंकिता प्रकरण से जुड़े एक VIP का जिक्र होने का दावा किया गया था।

दिसंबर 2025 में सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के बीच बातचीत का बताया गया ऑडियो सोशल मीडिया पर सामने आया था। इसके बाद अंकिता हत्याकांड में कथित VIP की भूमिका को लेकर नए सवाल उठने लगे। उर्मिला सनावर ने ऑडियो और वीडियो के जरिए कई दावे किए थे….जबकि सुरेश राठौड़ ने रिकॉर्डिंग की प्रामाणिकता पर सवाल उठाते हुए उसे फर्जी और AI से तैयार बताया था।

इस विवाद के बाद सुरेश राठौड़ और उर्मिला सनावर के खिलाफ अलग-अलग स्थानों पर मुकदमे दर्ज होने की खबरें सामने आई थीं। जनवरी 2026 में उत्तराखंड पुलिस की विशेष जांच टीम ने भी इस विवाद से जुड़े मामले में दोनों से पूछताछ की थी। उस समय राठौड़ से कई घंटे तक सवाल-जवाब किए गए थे।

अंकिता भंडारी हत्याकांड में मुख्य आरोपियों के खिलाफ अदालत में मुकदमा चल चुका है। मई 2025 में कोटद्वार की अदालत ने रिसॉर्ट मालिक पुलकित आर्य और उसके दो कर्मचारियों सौरभ भास्कर तथा अंकित गुप्ता को दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी।

इसके बाद सामने आए कथित VIP से जुड़े दावों ने मामले को फिर सुर्खियों में ला दिया। CBI ने अज्ञात लोगों के खिलाफ कथित VIP की भूमिका की जांच के लिए अलग मामला भी दर्ज किया है। जांच का यह पहलू उन आरोपों और दावों से जुड़ा है…जिनमें कहा गया कि अपराध से जुड़े कुछ पहलुओं की जानकारी सामने नहीं आई। इन दावों की सच्चाई जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

फिलहाल सुरेश राठौड़ से पूछताछ में क्या जानकारी मिली, टीम ने उनसे किन बिंदुओं पर सवाल किए और जांच आगे किस दिशा में बढ़ेगी….इन बातों पर आधिकारिक स्पष्टता नहीं है।

अंकिता के माता-पिता न्याय की मांग करते हुए जांच के सभी पहलुओं को सामने लाने की अपील कर रहे हैं। अब इस मामले में CBI की आगे की कार्रवाई और आधिकारिक जानकारी पर नजर रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *