कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का हॉस्पिटल से आया वीडियो, 210 करोड़ के आरोपों पर सुनिए क्या कहा
Rekha Arya | Girdhari Lal Sahu | Uttarakhand News : उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या और उनके पति गिरधारी लाल साहू के बीच विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। पति के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराने के बाद रेखा आर्या ने शादी से जुड़े मामले और अपने ऊपर लगाए गए 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति के आरोपों पर भी प्रतिक्रिया दी है। अस्पताल में भर्ती रेखा आर्या ने कहा कि उन्हें शादी से पहले इस बात की जानकारी नहीं थी कि गिरधारी लाल साहू पहले से शादीशुदा हैं। उन्होंने पुलिस पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष जांच और न्याय मिलने की उम्मीद जताई।
रेखा आर्या ने कहा कि जिस तरह पुलिस किसी आम महिला की शिकायत पर कार्रवाई करती है उसी तरह उनके मामले में भी तथ्यों के आधार पर कार्रवाई होनी चाहिए। उन्हें उम्मीद है कि पुलिस उनकी शिकायत की निष्पक्ष जांच कर उन्हें न्याय दिलाएगी।
कैबिनेट मंत्री रेखा आर्या ने देहरादून के कैंट थाने में अपने पति गिरधारी लाल साहू के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में उन्होंने मानसिक प्रताड़ना, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल, कथित तौर पर फर्जी हस्ताक्षर कर एक कंपनी के निदेशक पद से हटाने और एक अन्य महिला के साथ मिलकर जान से मारने की साजिश रचने जैसे आरोप लगाए हैं।
उन्होंने पति की पहली शादी और अन्य महिलाओं से संबंधों को लेकर भी शिकायत में आरोप शामिल किए हैं। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इन आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
210 करोड़ रुपये के आरोपों पर क्या बोलीं रेखा आर्या?
गिरधारी लाल साहू की ओर से रेखा आर्या पर करीब 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए गए हैं। इन आरोपों पर जवाब देते हुए रेखा आर्या ने कहा कि यदि उनके खिलाफ कोई सबूत है तो उसे सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि उन्होंने अपना काम ईमानदारी से किया है और उनके खिलाफ जानबूझकर आरोप लगाए जा रहे हैं। रेखा आर्या ने यह भी कहा कि यदि उनके खिलाफ लगाए गए आरोपों के प्रमाण सामने आते हैं…तो वह अपनी शिकायत वापस लेने को तैयार हैं।
वीडियो जारी कर दोनों पक्षों ने लगाए आरोप
इस विवाद के बीच रेखा आर्या ने एक वीडियो जारी कर अपने पति पर धोखे से शादी करने, मारपीट, दूसरी महिलाओं से संबंध रखने और जान से मारने की धमकी देने जैसे आरोप लगाए थे। इसके बाद गिरधारी लाल साहू ने भी वीडियो जारी कर रेखा आर्या पर गंभीर आरोप लगाए।
साहू ने कथित अवैध संपत्ति के अलावा महिला एवं बाल विकास विभाग के कामकाज और बच्चों को दिए जाने वाले पोषण आहार व राशन से जुड़े मामलों में भी भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है।
फिलहाल दोनों पक्षों की ओर से गंभीर आरोप लगाए गए हैं। अब पुलिस जांच में सामने आने वाले तथ्यों पर इस मामले की आगे की कार्रवाई निर्भर करेगी।