लालकुआं: हिंदू नाम से युवती के घर रह रहा था मुस्लिम युवक? ग्रामीणों ने पुलिस को सौंपा
Lalkuan | Bindukhatta | Police Investigation : बिंदुखत्ता के शास्त्री नगर में एक युवक की पहचान को लेकर विवाद सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि युवक ने हिंदू नाम और पहचान बताकर एक परिवार के यहां रहने की बात सामने आई है। मामला सामने आने के बाद ग्रामीणों ने युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
मंगलवार को बड़ी संख्या में महिला और पुरुष लालकुआं कोतवाली पहुंचे। ग्रामीणों ने पुलिस से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की।
ग्रामीणों के मुताबिक रुद्रपुर का रहने वाला युवक काफी समय से शास्त्री नगर के एक परिवार के यहां रह रहा था। मंगलवार को उसकी पहचान को लेकर ग्रामीणों को जानकारी मिली….जिसके बाद उन्होंने युवक को पकड़ लिया।
ग्रामीणों के बीच यह भी चर्चा है कि युवक के परिवार की एक युवती से संबंध थे। ग्रामीणों ने युवक से पूछताछ की तो उसने अपना नाम अमित बिष्ट बताया। इसके बाद उसके पहचान पत्र की जांच किए जाने पर उसकी पहचान रुद्रपुर निवासी मुस्लिम युवक के रूप में सामने आने का ग्रामीणों ने दावा किया।
इसके बाद ग्रामीणों ने युवक को पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने युवक से पूछताछ शुरू कर दी है और पूरे मामले से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।