हल्द्वानी निवासी दीक्षांशु नेगी की धमाकेदार पारी, एक ओवर में 4 छक्के लगाकर पूरा किया शतक

0
dikshu-2

Dikshanshu Negi: Uttarakhand: Cricketer: Century: उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 के लिए 25 सितंबर का दिन बेहद खास रहा। लीग के तीसरे सीजन को अपना पहला शतक मिल गया। ऋषिकेश रिवर किंग्स और देहरादून वॉरियर्स के बीच खेले गए मुकाबले में ऋषिकेश के दीक्षांशु नेगी ने शानदार शतकीय पारी खेली। इसके साथ ही वह उत्तराखंड प्रीमियर लीग 2026 में शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए।

मुकाबले की बात करें तो पहले बल्लेबाजी करते हुए ऋषिकेश रिवर किंग्स ने निर्धारित 20 ओवर में पांच विकेट के नुकसान पर 185 रन बनाए। ऋषिकेश ने 10 ओवर के भीतर ही अपने चार विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद दीक्षांशु नेगी और अखिल ने टीम को संकट से बाहर निकाला। दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 101 रनों की शानदार साझेदारी हुई।

अखिल ने 26 गेंदों में 31 रन की पारी खेली। वहीं, दीक्षांशु नेगी ने 57 गेंदों में नाबाद 108 रन बनाए। उनकी पारी में 12 चौके और छह छक्के शामिल रहे। नेगी ने पारी के 19वें ओवर में चार छक्के और एक चौका जड़कर अपना शतक पूरा किया।

देहरादून वॉरियर्स की ओर से गेंदबाजी करते हुए देवेंद्र सिंह बोरा ने सर्वाधिक तीन विकेट लिए, जबकि निशु पटेल और सुमित को एक-एक विकेट मिला।

186 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी देहरादून वॉरियर्स की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 129 रन पर ऑलआउट हो गई। देहरादून की ओर से पूर्वांश ने सर्वाधिक 32 रन बनाए। ऋषिकेश के लिए आशीष चौधरी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट झटके। आकाश ने दो, जितेंद्र ने तीन और दीक्षांशु नेगी ने एक विकेट अपने नाम किया।

ऋषिकेश के लिए शानदार शतक लगाने वाले दीक्षांशु नेगी हल्द्वानी के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने प्रोफेशनल क्रिकेट करियर की शुरुआत कर्नाटक प्रीमियर लीग से की थी। लगातार छह सीजन खेलने के बाद वह उत्तराखंड लौटे और 2019 में उत्तराखंड के लिए घरेलू क्रिकेट में डेब्यू किया। उसी साल उन्होंने उत्तराखंड की ओर से रणजी ट्रॉफी में टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए।

ऑलराउंडर के तौर पर भी दीक्षांशु ने उत्तराखंड के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। वह टीम के उपकप्तान की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। दीक्षांशु के पास इंग्लैंड में प्रोफेशनल क्रिकेट खेलने का अनुभव भी है। अब वह अपने इस अनुभव का लाभ उत्तराखंड में युवा खिलाड़ियों को भी दे रहे हैं।

डोमेस्टिक क्रिकेट सीजन शुरू होने से पहले दीक्षांशु ने उत्तराखंड प्रीमियर लीग में शतक जड़कर एक बार फिर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *