किच्छा में स्ट्रांग रूम के बाहर बवाल, विधायक बेहड़ को जड़ा थप्पड़, हंगामे के बाद दोनों नेता हिरासत में…

0
KICHHA-ELECTION-BRAWL

Tilak Raj Behd | Rajesh Shukla | Kichha Election : ऊधमसिंह नगर के किच्छा में नगर पालिका चुनाव के दौरान स्ट्रांग रूम के बाहर मंगलवार को हंगामा हो गया। स्ट्रांग रूम के सामने पर्दा और तिरपाल लगाए जाने को लेकर शुरू हुआ विवाद कांग्रेस विधायक तिलक राज बेहड़ और भाजपा के पूर्व विधायक राजेश शुक्ला के आमने-सामने आने के बाद बढ़ गया।

विधायक तिलक राज बेहड़ ने स्ट्रांग रूम की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए पर्दा लगाए जाने का विरोध किया। उनका कहना था कि इससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता को लेकर सवाल खड़े हो सकते हैं। इसी दौरान पूर्व विधायक राजेश शुक्ला समर्थकों के साथ मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

विवाद बढ़ने पर मौके पर धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई। इसी दौरान विधायक बेहड़ ने आरोप लगाया कि उन्हें थप्पड़ मारा गया। उन्होंने कहा कि उनके साथ धक्का-मुक्की हुई और वह मामले में पुलिस को तहरीर देंगे।

राजेश शुक्ला के साथ मौजूद एक समर्थक पर बेहड़ को थप्पड़ मारने का आरोप लगाया गया है। हालांकि इस पूरे मामले को लेकर दोनों पक्षों की ओर से अलग-अलग आरोप लगाए गए हैं।

हंगामे के बाद विधायक बेहड़ समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। वहीं राजेश शुक्ला भी समर्थकों के साथ धरने पर बैठ गए। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने राजेश शुक्ला को हिरासत में लेकर सिडकुल चौकी पहुंचाया।

धरने के दौरान विधायक बेहड़ की तबीयत बिगड़ गई और वह बेहोश हो गए। समर्थकों ने उन्हें संभाला। इसके बाद पुलिस ने बेहड़ को भी हिरासत में लेकर किच्छा कोतवाली पहुंचाया। बाद में दोनों नेताओं को छोड़ दिया गया।

राजेश शुक्ला की ओर से भी दूसरे पक्ष पर हाथापाई के आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि वह स्ट्रांग रूम के पास स्थिति की जानकारी लेने पहुंचे थे….लेकिन वहां उनके साथ भी विवाद हुआ।

फिलहाल पुलिस और प्रशासन ने स्थिति को संभाल लिया है। स्ट्रांग रूम की सुरक्षा को लेकर पुलिस बल तैनात है। किच्छा नगर पालिका चुनाव की मतगणना से जुड़ा मामला हाईकोर्ट में लंबित होने के कारण मतगणना पर फिलहाल रोक है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed