कब विदा होगा मानसून? उत्तराखंड के 7 जिलों में आज हल्की बारिश का अलर्ट

0
roorkee-news-1

Weather Update | Monsoon Retreat | Uttarakhand Rain : उत्तराखंड में मानसून की विदाई का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिन में मानसून राज्य के कुछ हिस्सों से वापस लौट सकता है। मानसून की वापसी के लिए मौसम की परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

इस बीच प्रदेश के ज्यादातर इलाकों में मौसम शुष्क बना हुआ है। मैदानी क्षेत्रों में तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस का असर महसूस किया जा रहा है। कई स्थानों पर तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जा रहा है। वहीं पहाड़ी क्षेत्रों में कुछ जगहों पर आंशिक बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी हो रही है।

सात जिलों में हल्की बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार मंगलवार को उत्तराखंड के सात जिलों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। कुछ स्थानों पर गरज के साथ बौछारें पड़ने की भी संभावना है।

इन जिलों में उत्तरकाशी, देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल और पिथौरागढ़ शामिल हैं। वहीं प्रदेश के बाकी जिलों में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है।

मैदानी इलाकों में दिन के समय तेज धूप के कारण गर्मी का असर बना रह सकता है।

अगले 2-3 दिन में मानसून की विदाई

मौसम विभाग के मुताबिक दक्षिण-पश्चिम मानसून सोमवार को राजस्थान के कुछ और हिस्सों के अलावा हरियाणा और पंजाब के कुछ क्षेत्रों से भी वापस लौट चुका है। मानसून की वापसी की रेखा जैसलमेर, नागौर, सीकर, रोहतक, पटियाला और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है।

विभाग के अनुसार अगले दो से तीन दिनों के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और राजस्थान के शेष हिस्सों के साथ सौराष्ट्र-कच्छ, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं।

यानी उत्तराखंड में अब मानसून के अंतिम दौर के बाद मौसम के शुष्क होने का सिलसिला बढ़ सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *