उत्तराखंड आने से पहले पढ़ लें ये जरूरी खबर, 26-29 सितंबर तक कई ट्रेनें रद्द और कई डायवर्ट
LaksarNews | TrainCancelled | RailwayNews | UttarakhandNews : मुरादाबाद मंडल के रायसी रेलवे स्टेशन पर अप और लूप लाइन की कमीशनिंग का काम किया जाएगा। इसके लिए 26 से 29 सितंबर तक अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक और पावर ब्लाक लिया जाएगा। रेलवे के इस काम का असर कई ट्रेनों के संचालन पर पड़ेगा। कुछ ट्रेनें रद रहेंगी, जबकि कुछ को देरी से और कुछ को बदले हुए रूट से चलाया जाएगा।
रद रहेंगी ये ट्रेनें
चंदौसी से ऋषिकेश जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 26 से 29 सितंबर तक रद रहेगी। वहीं ऋषिकेश से चंदौसी जाने वाली पैसेंजर ट्रेन 25 से 28 सितंबर तक संचालित नहीं होगी।
प्रयागराज से योगनगरी ऋषिकेश जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस 27 सितंबर को रद रहेगी। इसी दिन योगनगरी ऋषिकेश से प्रयागराज जाने वाली प्रयागराज एक्सप्रेस का संचालन भी नहीं होगा।
दरभंगा एक्सप्रेस को रास्ते में रोका जाएगा
दरभंगा से अमृतसर जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन 28 सितंबर को अपने सफर के दौरान करीब 30 मिनट रोककर चलाई जाएगी। इसके अलावा चंदौसी पैसेंजर, दरभंगा एक्सप्रेस, लखनऊ एक्सप्रेस, लिंक एक्सप्रेस, कुंभ एक्सप्रेस, नरपतगंज एक्सप्रेस और जम्मूतवी एक्सप्रेस के संचालन में भी देरी हो सकती है।
कई ट्रेनें बदले रूट से चलेंगी
रेलवे के काम के चलते कुछ लंबी दूरी की ट्रेनों के निर्धारित मार्ग में भी बदलाव किया गया है।
पाटलिपुत्र-चंडीगढ़ पाटलिपुत्र एक्सप्रेस 27 सितंबर को मुरादाबाद-नजीबाबाद-सहारनपुर के बजाय मुरादाबाद, हापुड़, मेरठ और सहारनपुर के रास्ते चलाई जाएगी। इस दौरान रुड़की स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं होगा।
अमृतसर से पूर्णिया कोर्ट जाने वाली एक्सप्रेस ट्रेन सहारनपुर, मेरठ और हापुड़ होते हुए मुरादाबाद पहुंचेगी। इस दौरान लक्सर, नजीबाबाद और स्योहारा स्टेशन पर ट्रेन का ठहराव नहीं रहेगा।
दुर्गियाना एक्सप्रेस का भी बदलेगा रास्ता
अमृतसर से कोलकाता जाने वाली दुर्गियाना एक्सप्रेस भी बदले हुए मार्ग से चलेगी। यह ट्रेन सहारनपुर से लक्सर और मुरादाबाद के रास्ते जाने के बजाय सहारनपुर, मेरठ, हापुड़ और मुरादाबाद होकर संचालित की जाएगी। नजीबाबाद स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं रहेगा।
कुंभ एक्सप्रेस भी बदले रूट से जाएगी
हावड़ा से देहरादून जाने वाली कुंभ एक्सप्रेस 26 और 27 सितंबर को मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार के निर्धारित मार्ग के बजाय मुरादाबाद, हापुड़, मेरठ, रुड़की और हरिद्वार होते हुए देहरादून पहुंचेगी।
25 सितंबर को भी कुंभ एक्सप्रेस को मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार के बजाय मुरादाबाद, हापुड़, मेरठ, रुड़की और हरिद्वार के रास्ते देहरादून भेजा जाएगा।
यात्रियों के लिए जरूरी जानकारी
रायसी स्टेशन पर होने वाले कमीशनिंग कार्य के कारण कई ट्रेनों के समय और मार्ग में बदलाव किया गया है। ऐसे में 25 से 29 सितंबर के बीच रेल यात्रा करने वाले यात्रियों को सफर से पहले अपनी ट्रेन के संचालन और रूट की जानकारी जरूर जांच लेनी चाहिए।