उत्तराखंड: पत्नी ने खोली पति की करतूत! पहले तीन तलाक, फिर बहनोई से हलाला का दबाव

0
Triple-Talaq-

Dehradun Crime | Triple Talaq | Police Action : पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। महिला का आरोप है कि पति ने उसे तीन तलाक दिया और दोबारा साथ रखने के लिए कथित तौर पर हलाला की शर्त रखी। महिला ने ससुराल वालों पर मारपीट करने का भी आरोप लगाया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने पति फरमान और उसके परिजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

करीब ढाई साल पहले हुआ था निकाह

पुलिस को दी शिकायत में महिला ने बताया कि उसका निकाह करीब ढाई साल पहले बिजनौर के इस्लामपुर निवासी फरमान से हुआ था। निकाह के बाद दोनों देहरादून में किराए के मकान में रहने लगे। महिला का आरोप है कि करीब चार महीने पहले उसके पति ने उसे तीन तलाक दे दिया। उस समय पति की बहन भी वहां मौजूद थी।

तीन तलाक के बाद महिला अपने मायके चली गई। महिला के मुताबिक उसने वैवाहिक जीवन बचाने के लिए पति से दोबारा साथ रहने की कोशिश की।

ससुराल पहुंची तो मारपीट का आरोप

महिला ने कहा कि 14 जुलाई को वह अपने पति के गांव स्थित घर पहुंची और पति व ससुराल वालों से दोबारा साथ रखने की गुहार लगाई। आरोप है कि इस दौरान उसके साथ मारपीट की गई और उसे घर से निकाल दिया गया।

इसके बाद महिला वापस देहरादून अपनी बहनों के पास आ गई। कुछ समय बाद उसका पति भी देहरादून पहुंचा। महिला का आरोप है कि पति ने माफी मांगने के बाद दोबारा साथ रखने की बात कही।

दोबारा साथ रहने के लिए कथित हलाला की शर्त का आरोप

महिला का आरोप है कि पति ने उसे दोबारा अपने साथ रखने से पहले कथित तौर पर हलाला की शर्त रखी। पीड़िता के मुताबिक पति उस पर अपने बहनोई के साथ हलाला की प्रक्रिया से गुजरने का दबाव बना रहा था। महिला ने इसका विरोध किया और पुलिस से शिकायत की।

महिला का कहना है कि इस पूरे घटनाक्रम के चलते वह मानसिक तनाव में है। उसने पुलिस से मामले की जांच करने, आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने और सुरक्षा देने की मांग की है। शिकायत में महिला ने मोबाइल संदेशों समेत अन्य साक्ष्यों की जांच कराने की भी बात कही है।

पति गिरफ्तार, पुलिस जांच में जुटी

पटेल नगर पुलिस ने महिला की शिकायत के आधार पर फरमान और उसके परिजनों के खिलाफ बीएनएस की धारा 115(2), 85 और मुस्लिम विवाह प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3/4 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की। पुलिस ने आरोपी पति फरमान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

पटेल नगर कोतवाली प्रभारी नरेश राठौर ने बताया कि महिला की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया है और आरोपी फरमान को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed