बारिश को लेकर बड़ा अलर्ट! नैनीताल में कल बंद रहेंगे कक्षा 1 से 12 तक के सभी स्कूल

0
Nainital-schools-Holiday

Nainital Weather | Orange Alert | School Holiday : मौसम विभाग की ओर से जारी पूर्वानुमान को देखते हुए नैनीताल जिले में 2 सितंबर 2026 को ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने जिले के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज बारिश होने की संभावना जताई है।

भारी बारिश के कारण नदियों, नालों और गधेरों में जलस्तर बढ़ने के साथ तेज बहाव की स्थिति बन सकती है। संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और मलबा आने का खतरा भी बना हुआ है। इसे देखते हुए जिला प्रशासन ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एक दिन का अवकाश घोषित किया है।

जिला प्रशासन के आदेश के अनुसार बुधवार 2 सितंबर को नैनीताल जिले के सभी सरकारी, अर्द्धसरकारी और निजी विद्यालयों में कक्षा 1 से 12 तक की पढ़ाई बंद रहेगी। जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्र भी इस दिन बंद रहेंगे।

विद्यालयों में कार्यरत प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक, शिक्षक-शिक्षिकाओं और कार्यालय स्टाफ के लिए भी अवकाश रहेगा।

आवासीय स्कूलों पर लागू नहीं होगा आदेश

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नैनीताल शहर क्षेत्र में संचालित आवासीय शिक्षण संस्थानों और ऐसे विद्यालयों पर यह आदेश लागू नहीं होगा….जहां छात्र-छात्राएं परिसर में ही रहकर पढ़ाई करते हैं।

मुख्य शिक्षा अधिकारी, जिला शिक्षा अधिकारी और जिला कार्यक्रम अधिकारी को सभी संबंधित शिक्षण संस्थानों और आंगनबाड़ी केंद्रों में आदेश का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

प्रशासन ने चेतावनी दी है कि आदेश का उल्लंघन होने पर संबंधित के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

जिले में लगातार बारिश और संभावित भूस्खलन को देखते हुए प्रशासन ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासतौर पर नदी, नाले और गधेरों के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *