बेरोजगार युवाओं के लिए बड़ी खबर! उत्तराखंड में 4 जगह लगेंगे रोजगार मेले, जानें पूरी डिटेल

Job Fair | Employment Opportunity | Uttarakhand Jobs : उत्तराखंड के युवाओं के लिए रोजगार से जुड़ी अच्छी खबर सामने आई है। सरकार अगले चार महीनों में करीब 10 हजार बेरोजगार युवाओं को निजी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों में नौकरी दिलाने की तैयारी कर रही है। इसके लिए तकनीकी शिक्षा विभाग राज्य में चार बड़े रोजगार मेलों का आयोजन करेगा।

इनमें से दो रोजगार मेले गढ़वाल और दो कुमाऊं मंडल में लगाए जाएंगे। इन मेलों में अलग-अलग कंपनियों को बुलाकर युवाओं को सीधे नौकरी के अवसर देने पर जोर रहेगा।

देहरादून, श्रीनगर, काशीपुर और अल्मोड़ा में लगेंगे मेले

रोजगार मेलों के लिए गढ़वाल मंडल से देहरादून और श्रीनगर, जबकि कुमाऊं मंडल से काशीपुर और अल्मोड़ा को चुना गया है। इन कार्यक्रमों में देश की कई निजी और बहुराष्ट्रीय कंपनियों के शामिल होने की उम्मीद है। सरकार का लक्ष्य है कि इन चार रोजगार मेलों के जरिए करीब 10 हजार युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए।

सिर्फ पासआउट छात्रों तक सीमित नहीं होगा मौका

इन रोजगार मेलों में केवल डिग्री या तकनीकी शिक्षा पूरी कर चुके युवाओं को ही मौका नहीं मिलेगा। पॉलीटेक्निक और ITI के पासआउट छात्रों के साथ अंतिम वर्ष में पढ़ रहे विद्यार्थी भी आवेदन कर सकेंगे।

राजकीय इंजीनियरिंग कॉलेजों के अंतिम वर्ष के विद्यार्थियों और पासआउट युवाओं को भी कंपनियों के सामने अपनी योग्यता दिखाने का अवसर मिलेगा।

इसके अलावा स्कूलों से व्यावसायिक पाठ्यक्रम पूरा करने वाले छात्र, उच्च शिक्षा ले रहे विद्यार्थी और ग्रामीण क्षेत्रों में नौकरी तलाश रहे युवा भी इन मेलों में हिस्सा ले सकेंगे।

ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन जल्द होगा शुरू

रोजगार मेले में शामिल होने के लिए युवाओं को ऑनलाइन पंजीकरण करना होगा। यह पंजीकरण पूरी तरह निशुल्क रखा जाएगा। तकनीकी शिक्षा विभाग को जल्द से जल्द ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन की व्यवस्था शुरू करने की तैयारी करने को कहा गया है।

पंजीकरण के जरिए युवाओं की शैक्षिक योग्यता और कौशल से जुड़ा डाटा तैयार किया जाएगा। इसके आधार पर कंपनियों की जरूरत के अनुसार उम्मीदवारों को रोजगार मेले में शामिल किया जाएगा।

कई विभाग मिलकर करेंगे आयोजन

इन रोजगार मेलों को केवल तकनीकी शिक्षा विभाग तक सीमित नहीं रखा जाएगा। विद्यालयी शिक्षा, उच्च शिक्षा, सेवायोजन और कौशल विकास विभाग भी आयोजन में सहयोग करेंगे।

जल्द ही संबंधित विभागों की बैठक आयोजित कर रोजगार मेलों की तारीख, कंपनियों की भागीदारी और दूसरी व्यवस्थाओं पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

अब तक 42 हजार लोगों को मिला रोजगार

सरकारी आंकड़ों के अनुसार राज्य में अब तक करीब 42 हजार लोगों को रोजगार उपलब्ध कराया जा चुका है। इसमें स्थायी कर्मचारियों के अलावा संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को भी शामिल किया गया है।

अब सरकार का अगला लक्ष्य निजी क्षेत्र में रोजगार बढ़ाना है। इसी दिशा में अगले चार महीनों के दौरान 10 हजार युवाओं को निजी कंपनियों में नौकरी दिलाने की योजना बनाई गई है।