मुख्यमंत्री धामी ने इस क्षेत्र को दी 17.80 करोड़ रुपये सौगात

Chief Minister Dhami

CM Dhami | Mussoorie | Development : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को मसूरी विधानसभा क्षेत्र के पुरुकुल में 17 करोड़ 80 लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष स्वर्गीय दीपक पुंडीर की स्मृति में बने सामुदायिक भवन का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इन परियोजनाओं से मसूरी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रही है। साथ ही उत्तराखंड को पर्यटन, खेल और एडवेंचर गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनाने के प्रयास भी जारी हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मसूरी देश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है और यहां आने वाले पर्यटक स्थानीय लोगों की आजीविका और अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए क्षेत्र में कई विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुरुकुल में सैन्य धाम का निर्माण जारी है और मसूरी रोपवे के लोअर टर्मिनल तक करीब 13 किलोमीटर सड़क का उच्चीकरण किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन के तहत कई गांवों तक शुद्ध पेयजल पहुंचाया गया है। वहीं मालदेवता लाल पुल से सिल्ला-मोलधार होते हुए सुआखोली तक सड़क को मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा रिखोली ग्राम पंचायत के सोलाह गांव में विद्युतीकरण का कार्य पूरा हो चुका है और सहस्त्रधारा क्षेत्र में बाढ़ सुरक्षा के लिए भी कार्य चल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने कानून व्यवस्था मजबूत करने, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया लागू करने और युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर तैयार करने की दिशा में कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि स्टार्टअप नीति, एक जनपद दो उत्पाद, हाउस ऑफ हिमालयाज, होम स्टे योजना, वेड इन उत्तराखंड और सौर स्वरोजगार जैसी योजनाओं से युवाओं को स्वरोजगार के अवसर मिल रहे हैं।

कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में मसूरी विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन और अन्य विकास कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। इस अवसर पर जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी भी मौजूद रहे।

You may have missed