उत्तराखंड: घर की चारदीवारी में मासूम से दरिंदगी, मां की शिकायत पर पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज

POCSO

Rudrapur | POCSO | CrimeNews : ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में एक 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला की शिकायत पर पॉक्सो अधिनियम और भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं में कार्रवाई की गई है। मामले की जांच एएसआई विनीता नेगी को सौंपी गई है।

पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि रविवार और सोमवार की रात वह अपने छोटे बेटे के साथ घर में सो रही थी….जबकि उसकी 10 वर्षीय बेटी पास के बिस्तर पर थी। इसी दौरान उसका पति शराब के नशे में घर पहुंचा और बेटी के पास जाकर लेट गया।

महिला का कहना है कि कुछ देर बाद बच्ची घबराई हुई दिखाई दी। पहले उसने उसे शांत कर दोबारा सुला दिया, लेकिन कुछ समय बाद बच्ची फिर असहज होने लगी। इस पर जब उसने कमरे की लाइट जलाई तो उसने अपनी बेटी के साथ आपत्तिजनक स्थिति देखी। महिला ने तुरंत बच्ची को वहां से हटाया और उसका विरोध किया।

शिकायत के अनुसार विरोध करने पर आरोपी ने महिला के साथ मारपीट की और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद महिला अपने दोनों बच्चों को लेकर रुद्रपुर कोतवाली पहुंची और पुलिस को लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने बच्ची का मेडिकल परीक्षण कराया और महिला की शिकायत के आधार पर आरोपी पिता के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

मामले की जांच कर रहीं एएसआई विनीता नेगी ने कहा कि सभी तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

You may have missed